बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरिहरनाथ मंदिर में पूजा कर समृद्धि की की कामना
सारांश
मुख्य बातें
पटना, १७ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिले के सोनपुर में स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
इस पूजा-अर्चना में मुख्यमंत्री की पत्नी ममता चौधरी और उनके बच्चों सहित अन्य परिवार के सदस्य भी शामिल रहे। इस बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को जानकारी दी।
मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने उन्हें अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट करके स्वागत किया। पटना से सोनपुर जाते समय कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस अवसर पर विधायक कृष्ण कुमार मंटू, विधायक जनक सिंह, विधायक राजेश सिंह, विधायक छोटी कुमारी, सच्चिदानंद राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
बाद में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पावन धाम में परिवार के साथ विधि विधान से दर्शन-पूजन करने का अवसर मिला।
उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में आगे लिखा कि सोनपुर में गंगा और गंडक नदी के संगम पर स्थित प्राचीन बाबा हरिहरनाथ शिवलिंग विश्व का एकमात्र ऐसा शिवालय है, जहां आधे भाग में शिव (हर) और शेष में विष्णु (हरि) का निवास है। बाबा हरिहरनाथ की असीम कृपादृष्टि हमेशा प्रदेशवासियों पर बनी रहे, यही मंगलकामना है। हर-हर महादेव।