बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के लिए शुभकामनाएं दीं
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को दशमेश पिता श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की जन्मभूमि तख्त श्रीहरमंदिर जी परिसर, पटना साहिब में जाकर मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर श्री हरमंदिर जी प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किए।
सीएम सम्राट चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुरु की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकास की ओर अग्रसर है। नीतीश कुमार ने बिहार का लंबे समय तक नेतृत्व किया है और इसे आगे बढ़ाया है। हमने यहां 350वां प्रकाश पर्व बड़े धूमधाम से मनाया है और राज्य की संरचना को काफी बेहतर किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की कृपा पूरे प्रदेश पर बनी रहे। हम यही कामना करते हैं कि राज्य समृद्ध हो और देश विकसित हो। इस अवसर पर विधायक डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, वरीय अधिकारी, प्रबंधक कमिटी के सदस्य, सेवादार एवं श्रद्धालुगण भी मौजूद थे।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उनके साथ विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ कार्य पद्धति के संबंध में चर्चा की और सचिवालय के विभिन्न भागों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्यपदाधिकारी गोपाल सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।