कांग्रेस की स्थिति पर बोड्डू नाग लक्ष्मी का बयान: सुधार नहीं हुआ तो जीरो हो जाएगी
सारांश
मुख्य बातें
विजयवाड़ा, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य बोड्डू नाग लक्ष्मी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के कल्याण के लिए कई कदम उठाए, लेकिन प्रियंका गांधी, जो खुद एक महिला हैं, महिलाओं के हक में खड़ी नहीं हुईं।
बोड्डू ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि चाहे आप भाजपा के खिलाफ कितना भी बोलें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वर्तमान में हर जगह चुनाव चल रहे हैं और महिलाओं के मुद्दे पर आपके बयान को महिलाएं खारिज कर देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का भविष्य अब उज्ज्वल नहीं है और उनकी सरकार का बनना मुश्किल है। 2023 में पारित अधिनियम को कांग्रेस रोकने की कोशिश कर रही है, जबकि अगर वे इसका समर्थन करते, तो बेहतर होता।
बोड्डू नाग लक्ष्मी ने स्पष्ट किया कि अगर कांग्रेस को अपने अस्तित्व को बनाए रखना है, तो उन्हें इस संशोधन विधेयक का समर्थन करना होगा। राहुल गांधी भी गलत बोल रहे हैं। आपकी बातें आपके लिए सही हो सकती हैं, लेकिन महिलाओं के नजरिए से यह उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस में सुधार नहीं हुआ, तो वह देशभर में जीरो हो जाएगी।
भाजपा समर्थक हिना बिल्लानी ने कहा कि संशोधन बिल पास न होने से उन्हें दुख हुआ। उनका मानना है कि नारी को आगे बढ़ने के लिए मोदी सरकार का समर्थन करना चाहिए।
कुसुमबेन टेकवाणी ने कहा कि पीएम मोदी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले संशोधन विधेयक को पारित करना चाहते थे, लेकिन विपक्ष ने संसद में इसका विरोध किया। पीएम मोदी वास्तव में महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष की मंशा अलग है। हमें यह समझना चाहिए कि कौन सी पार्टी हमारे लिए काम कर रही है। हमें पीएम मोदी का समर्थन करना चाहिए।