दिल्ली पुलिस ने चेनू गैंग के सदस्य को अवैध हथियार के साथ पकड़ा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अवैध हथियार और कारतूस के साथ किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस को इस मामले में पहले से ठोस सूचना प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर, टीम ने समय पर आरोपी को पकड़कर संभावित अपराध को टाल दिया। आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
हाल के दिनों में बढ़ते अपराध के चलते एएटीएस को विशेष रूप से सतर्क किया गया था। अवैध हथियार रखने वाले और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर पवन यादव कर रहे थे और एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार की देखरेख में यह कार्रवाई की गई। टीम में एसआई संदीप, एएसआई सत्यवीर, एएसआई दीपक त्यागी, एएसआई मुनेन्द्र, हेड कांस्टेबल कृष्ण और संदीप शामिल थे, जो लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और क्षेत्र की निगरानी में लगे हुए थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चेनू गैंग से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति का इलाके में घूमना पाया गया है, और उसके पास अवैध हथियार भी है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और सही समय पर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और दो कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चेनू गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के अन्य सदस्यों को हर तरह की सहायता प्रदान करता है।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का संबंध शहजाद नाम के एक सक्रिय लुटेरे से है, जो हाल ही में दिल्ली में कई लूट की घटनाओं में शामिल रहा है। शहजाद को पहले ही 22 मार्च 2026 को शाहदरा जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और वह वर्तमान में पुलिस रिमांड पर है। आरोपी सलमान कुरैशी भी एक चोरी के मामले में शहजाद का साथी रह चुका है।
आरोपी ने बताया कि वह इलाके में किसी को बंदूक की नोक पर लूटने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उसकी योजना को नाकाम कर दिया। इस मामले में थाना न्यू अशोक नगर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को यह हथियार कहां से मिला और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।
आरोपी सलमान कुरैशी (34) न्यू सीलमपुर इलाके का निवासी है और पहले भी वह छह आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जिनमें चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।