दिल्ली पुलिस ने छेनू गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया
सारांश
Key Takeaways
- छेनू गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार हुए।
- पुलिस ने अवैध हथियार बरामद किए।
- राशिद उर्फ सोनू पर 21 से अधिक मामले दर्ज हैं।
- पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
- जांच जारी है।
नई दिल्ली, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए कुख्यात छेनू गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और एक कार बरामद की है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग से जुड़े कुछ बदमाश रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम ने कुछ समय बाद एक ग्रे रंग की टाटा पंच कार को संदिग्ध अवस्था में देखा। जब टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल में चार कारतूस और देसी कट्टे में एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त, जिस कार में दोनों आरोपी सवार थे, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि राशिद उर्फ सोनू एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 21 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वह राजस्थान के जयपुर में 70 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी के मामले में भी फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी प्राप्त की जा सके। फिलहाल, पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी दिल्ली में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।