डोंबिवली में गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर महिला से 3 लाख की साइबर ठगी
सारांश
मुख्य बातें
डोंबिवली, 13 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गैस कनेक्शन को बंद करने की धमकी देकर साइबर ठगों ने महाराष्ट्र के डोंबिवली में एक महिला से लगभग 3 लाख रुपए की ठगी कर ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव के कारण गैस की आपूर्ति को लेकर पहले से ही लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। ठगों ने इसी डर का लाभ उठाकर एक नई प्रकार की साइबर ठगी को अंजाम दिया।
इस मामले में डोंबिवली के रामनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डोंबिवली के सुनील नगर क्षेत्र में रहने वाली स्मिता राणे के पति के मोबाइल पर एक संदिग्ध एसएमएस प्राप्त हुआ। इस संदेश में कहा गया था कि महानगर गैस का फरवरी महीने का बिल कंपनी के सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ है। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि तत्काल जानकारी अपडेट नहीं की गई तो उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा।
इसके बाद जब दिए गए नंबर पर फोन किया गया, तो व्यक्ति ने खुद को महानगर गैस कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि तकनीकी कारणों से उनका बिल सिस्टम में दिखाई नहीं दे रहा है और इसे ठीक करने के लिए एक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ठग ने स्मिता राणे को एक लिंक भेजा, जिसके माध्यम से बिल अपडेट करने के लिए आवश्यक जानकारी भरने को कहा गया। लिंक खोलने पर उनसे डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी गई। ठग लगातार फोन पर बात करते रहे, जिससे उनके मन में कोई संदेह नहीं हुआ।
जैसे ही स्मिता राणे ने मांगी गई जानकारी भर दी, कुछ ही समय में उनके खाते से पैसे निकलने लगे। ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख रुपए और डेबिट कार्ड से 99,500 रुपए निकाल लिए। इस प्रकार कुल 2,99,500 रुपए की ठगी की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस इस मामले में उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
रामनगर पुलिस थाने के सीनियर पुलिस अधिकारी गणेश जवादवाड ने बताया कि 4 और 5 मार्च को महानगर गैस के नाम पर एपीके फाइल और लिंक भेजकर साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं और दोनों मामले पुलिस थाने में दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ठग पहले एसएमएस भेजकर गैस कनेक्शन बंद होने की चेतावनी देते हैं। इसके बाद जानकारी अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल या लिंक भेजा जाता है। जब लोग उस लिंक पर क्लिक करके फॉर्म भरते हैं और अपने कार्ड की जानकारी डालते हैं, तब उनके खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के मोबाइल पर गैस कनेक्शन बंद होने या बिल अपडेट करने के नाम पर कोई संदिग्ध लिंक, एपीके फाइल या संदेश आता है तो उसे बिल्कुल भी क्लिक न करें। साथ ही ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।