नवी मुंबई में गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी देकर ठगी का नया तरीका
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। नवी मुंबई में साइबर ठगों ने एक नया धोखाधड़ी का तरीका इजाद किया है। अब ये गैस संकट का लाभ उठाकर लोगों को गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी देकर ठगी कर रहे हैं।
कोपर खैराने पुलिस थाने की सीमा में एक व्यक्ति से 10 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घनसोली निवासी अशरफ गाइन को एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को महानगर गैस (एमजीएल) एजेंसी का अधिकारी बताया और कहा कि उनका गैस बिल नहीं आया है, इसलिए उनका गैस कनेक्शन बंद किया जा रहा है। घबराए हुए अशरफ ने ऑनलाइन भुगतान करने की पेशकश की।
ठगों ने तुरंत एक अन्य नंबर से एक फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही अशरफ ने फाइल डाउनलोड की, उनके मोबाइल में एक मैलवेयर ऐप इंस्टॉल हो गया। ठगों ने इस ऐप के जरिए उनके मोबाइल का पूरा नियंत्रण प्राप्त कर लिया और उनके बैंक खाते से 10 लाख 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। पैसे कटने का संदेश मिलने पर अशरफ तत्काल कोपर खैराने पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हुई दूसरी ठगी है। 5 अप्रैल को कोपर खैराने में रहने वाले 72 वर्षीय अजय नामक व्यक्ति के साथ भी इसी तरीके से ठगी हुई थी। ठगों ने उन्हें भी एक फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लिया और उनके खाते से 2 लाख 23,338 रुपए निकाल लिए थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में ठगों ने गैस किल्लत और बिल भुगतान का बहाना बनाया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए संदेश या कॉल पर भरोसा न करें। खासकर किसी भी फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें।
पुलिस की सलाह है कि यदि गैस बिल या किसी भी कंपनी से संबंधित समस्या हो, तो सीधे आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करें। कोई भी ऑनलाइन पेमेंट लिंक या ऐप केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही डाउनलोड करें।
नवी मुंबई पुलिस ने क्षेत्र में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के लिए एक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।