डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती पर आज शेयर बाजार रहेगा बंद, नहीं होगी कोई खरीद-बिक्री
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय शेयर बाजार डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर आज बंद रहेगा। इस दिन एक्सचेंज पर किसी भी प्रकार की खरीद-बिक्री नहीं की जाएगी।
एक्सचेंज के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, इस दौरान इक्विटी, डेरिवेटिव्स और एसएलबी (सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग) सेगमेंट में भी कारोबार पूरी तरह से बंद रहेगा। सामान्य कारोबारी गतिविधियां बुधवार से पुनः प्रारंभ होंगी।
इसके अलावा, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक बंद रहेगा, जबकि शाम के सत्र में 5 बजे से रात 11:30/11:55 तक कारोबार सामान्य रहेगा। वहीं, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में पूरे सत्र के दौरान कारोबार बंद रहेगा।
इसके बाद, भारतीय शेयर बाजार एक मई को महाराष्ट्र दिवस पर भी बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त, 28 मई को बरका ईद के चलते भी भारतीय शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी।
हालांकि, भारतीय शेयर बाजार बंद हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार खुले हुए हैं। एशिया के अधिकांश बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है, जिसमें टोक्यो, सोल और जकार्ता में दो प्रतिशत से अधिक की तेजी है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ।
इस दौरान घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,847.57 पर बंद हुआ।
इसी तरह, एनएसई निफ्टी 50 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत गिरकर 23,842.65 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स 1,682 अंक या 2.1 प्रतिशत गिरकर 75,868.32 के निचले स्तर पर पहुंच गया था, जबकि निफ्टी 495 अंक या 2 प्रतिशत गिरकर 23,555.60 के निचले स्तर पर पहुंच गया था।
व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.57 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।