भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार और बंगाल में भाजपा का सुशासन: गौरव वल्लभ का दावा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के संदर्भ में यह दावा किया है कि भवानीपुर से सीएम ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ेगा और पूरे बंगाल में भाजपा का सुशासन का कमल खिलने वाला है।
नई दिल्ली में भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने राष्ट्र प्रेस के साथ बातचीत में कहा कि पिछले 15 वर्षों में सीएम ममता बनर्जी और टीएमसी ने ‘मां, माटी और मानुष’ के साथ विश्वासघात किया है। बंगाल में केवल जंगलराज और अराजकता वाली सरकार ने शासन किया है। जब भी महिलाओं पर यौन उत्पीड़न हुआ, तब ममता बनर्जी की सरकार ने आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। 4 मई को बंगाल से टीएमसी की विदाई निश्चित है। अब बंगाल में सुशासन वाली भाजपा सरकार बनने जा रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने ही घर में अपनी बहनों के खिलाफ हैं। उनकी सभी बहनें उनसे नाराज हैं। अब वे बिहार की माताओं और बहनों से भी उनका अधिकार छीनना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, एमके स्टालिन और राहुल गांधी सभी लोग ध्यान से मेरी बात सुन लें, हमारा इरादा महिलाओं को आरक्षण देने का है और इसे पूरा किया जाएगा।
यूसीसी पर गौरव वल्लभ ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड आजादी के समय से ही देश की जनता की इच्छा रही है। संविधान की भी यही मंशा थी और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की भी यही सोच थी, लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति ने इसे 2014 तक पीछे धकेल दिया। अब देश में यूसीसी लागू करने का समय आ गया है।
महिला आरक्षण बिल को लेकर सपाअखिलेश यादव के बयान पर भाजपा नेता ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, फिर भी वे देश की महिलाओं के लिए गलत शब्दों का प्रयोग करते हैं। उनके लिए महिला का अर्थ शायद सिर्फ उनकी पत्नी, मौसी की बेटी, बुआ की बेटी या चाचा की बेटी तक सीमित है। उत्तर प्रदेश की सामान्य महिलाओं से उनका कोई संबंध नहीं है। अखिलेश यादव को जवाब देना पड़ेगा कि उनकी क्या मजबूरी थी कि उन्होंने महिलाओं को आरक्षण का हक नहीं मिलने दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के बयान पर गौरव वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें राहुल गांधी के साथ ज्यादा समय नहीं बिताना चाहिए। उनके बयानों में अब राहुल गांधी की भाषा दिखाई दे रही है।