ग्रेटर नोएडा में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बरामद हुए फर्जी दस्तावेज
सारांश
Key Takeaways
- अभियुक्त का नाम: इसहाक युनुस
- गिरफ्तारी स्थान: हिंडन नदी पुल के पास
- बरामद दस्तावेज: फर्जी वर्क वीजा, एग्रीमेंट लेटर
- ठगी की राशि: डेढ़ लाख से दो लाख रुपये
- पुलिस की सलाह: अनजान एजेंसियों पर भरोसा न करें
ग्रेटर नोएडा, ८ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिसरख थाने की पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बड़ी संख्या में फर्जी वर्क वीजा, एग्रीमेंट लेटर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ८ अप्रैल को लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी इसहाक युनुस, जो कि युनुस उसमान का पुत्र है, को हिंडन नदी पुल के निकट, चार मूर्ति क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूलतः जिला रामपुर के थाना गंज क्षेत्र के दोमाला रोड का निवासी है और उसकी उम्र लगभग ३८ वर्ष है।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से ५० फर्जी वर्क परमिट एंट्री पास, क्रिटोनिका कंपनी के ३ एग्रीमेंट लेटर और ३ कॉन्ट्रैक्ट लेटर (मालदीव से संबंधित), एक फर्जी आधार कार्ड की फोटोकॉपी, उसका असली आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक चेकबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
उसने बताया कि वह लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे डेढ़ लाख से दो लाख रुपये तक वसूलता था। वह खुद को 'संतोष' के नाम से पेश करता था और इसी नाम से उसने फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया, ताकि लोग उसकी पहचान पर शक न करें।
आरोपी फर्जी वर्क परमिट, एंट्री पास और कॉन्ट्रैक्ट लेटर दिखाकर लोगों को विश्वास में लेता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से इस प्रकार की ठगी को अंजाम दे रहा था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और कितने लोगों से अब तक ठगी की गई है।
इस मामले में थाना बिसरख में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क को खंगालने में लगी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश भेजने या नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।