क्या ममता बनर्जी ने लोगों के सामने झूठा आंकड़ा प्रस्तुत किया? : भाजपा नेता राहुल सिन्हा
सारांश
Key Takeaways
कोलकाता, 2 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य का लंबित बकाया रोक रखा है। उन्होंने 2011 से अब तक अपनी सरकार के 14 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने सीएम ममता के दावों का खंडन किया और उन पर तीखा पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि जब ममता बनर्जी ने अपनी हार को देखा, तब उन्होंने 15 वर्षों तक जनता को धोखा दिया। अब उन्होंने लोगों से झूठ बोला है। 15 वर्षों में कितने लोगों का हत्या हुआ है, कितनी महिलाओं का बलात्कार हुआ, इस तथ्य को भी सबके सामने रखना चाहिए था।
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि राज्य की स्थिति कहां से कहां आ गई है, करोड़ों रुपए का क्या हुआ? 15 साल पहले राज्य की आर्थिक स्थिति क्या थी और आज कहां है? इसका ब्यौरा देना चाहिए। झूठ
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि हर मामले में पश्चिम बंगाल पीछे है। सिर्फ झूठ बोलकर पश्चिम बंगाल को आगे खड़ा करने से कोई मानेगा नहीं। बंगाल में अच्छे नंबर से पास होने वाले छात्र दूसरे राज्यों में चले जाते हैं क्यों? क्योंकि उन्हें लगता है कि यहां अच्छी शिक्षा नहीं मिलेगी, अच्छी नौकरी नहीं मिलेगी।
उन्होंने दावा किया कि बाहर जाकर मजदूरी करने वालों में सबसे पहला स्थान पश्चिम बंगाल का है। अगर पश्चिम बंगाल में बहुत विकास हुआ है तो केंद्र सरकार से पैसे क्यों मांग रही हैं? जीएसटी के बाद पश्चिम बंगाल की स्थिति कुछ हद तक सुधरी है, वरना पश्चिम बंगाल दिवालिया हो जाता।
राहुल सिन्हा ने ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए कहा कि झूठे आंकड़े दिखाकर वह जनता को गुमराह करना चाहती हैं। जितना पैसा वह केंद्र से मिलने का दावा कर रही हैं, ऐसी कोई बात ही नहीं है। केंद्र सरकार का जितना पैसा पश्चिम बंगाल के लिए बाकी था, केंद्र सरकार ने अधिकतर दे दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार को बदनाम करने के लिए झूठा आंकड़ा लोगों के सामने रखा है।
ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नवान्न में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "केंद्र सरकार ने हमारा लंबे समय से बकाया 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपए रोक रखा है। वे कब भुगतान करेंगे? चुनाव नजदीक हैं, लेकिन बंगाल में विकास कार्यों को रोका नहीं जा सकता। उम्मीद है कि वे धनराशि जारी करेंगे।"