क्या विपक्षी दल अपने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान नहीं करते? : प्रवीण खंडेलवाल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 3 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इंडी अलायंस के घटकों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ये दल अपने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान नहीं करते हैं। यदि इनमें संस्कार होते, तो ये पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग नहीं करते।
बिहार के दरभंगा में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान राजद-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ भाषा की मर्यादा को तोड़ा।
भाजपा सांसद ने बुधवार को राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि दरभंगा में पीएम मोदी के संबंध में जो अपमानजनक टिप्पणी की गई, वह अस्वीकार्य है। इस घटना के बाद पीएम मोदी का जो भाव सामने आया, उसे सभी ने देखा है। इंडी अलायंस के नेताओं को शर्म आनी चाहिए।
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या ये लोग अपने घर में अपने बुजुर्गों के प्रति ऐसा ही व्यवहार करते हैं?
जीएसटी काउंसिल की बैठक के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यह बैठक व्यापार और उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि जल्द ही जीएसटी सुधार की बड़ी सौगात मिलेगी, जिससे सकारात्मक परिणाम आएंगे।
जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने के नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला के बयान पर खंडेलवाल ने कहा कि यह क्षेत्र रणनीतिक महत्व रखता है और केंद्र सरकार सही समय पर उचित निर्णय लेगी।
मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र सरकार के निर्णय पर उन्होंने कहा कि यह उचित था और सरकार ने इसे समझदारी से सुलझाया है।
दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां कर रखी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दो वोटर कार्ड मामले में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।