क्या वक्फ कानून खत्म करने वाली सरकार अच्छी होगी? : अबू आजमी
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 8 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि जब कांग्रेस सरकार आएगी, तो एक घंटे के भीतर वक्फ बोर्ड कानून को समाप्त कर दिया जाएगा। इस बयान से सियासी माहौल गरमा गया है। इमरान मसूद के बयान पर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कहा कि ऐसी सरकार जो वक्फ कानून को समाप्त करेगी, वह अच्छी होगी। यदि किसी सरकार ने ऐसा किया, तो मैं इसका समर्थन करूंगा।
मंगलवार को समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत के दौरान अबू आजमी ने वक्फ कानून की चर्चा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से केंद्र सरकार मुसलमानों को निशाना बना रही है। वक्फ की संपत्ति मुसलमानों की है और इसका संबंध हमारे धर्म से है। लेकिन, इस कानून के तहत सरकार मुसलमानों के पीछे पड़ी हुई है। केंद्र सरकार हर उस काम को अंजाम दे रही है, जिससे मुसलमानों को परेशानी हो।
अबू आजमी के अनुसार, इमरान मसूद का यह कहना कि कांग्रेस सरकार वक्फ कानून को हटाएगी, एक सकारात्मक संकेत है। हम भी चाहते हैं कि कोई अच्छी सरकार आए और वक्फ कानून को समाप्त करे। हम इस फैसले का स्वागत करेंगे।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अबू आजमी ने कहा कि मंत्री होते हुए भी वे संविधान के खिलाफ बोलते हैं। मैं विशेष रूप से मुसलमानों के बारे में बात करता हूं। 'अल्पसंख्यक' शब्द का इस्तेमाल मुसलमानों को कमजोर करने के लिए न करें। संविधान सभी धर्मों को समान अवसर प्रदान करता है। मुसलमानों को लगातार निशाना बनाकर वोट पाने की कोशिश की जा रही है। यह नफरत फैलाने वाले लोग हैं, जिन्हें नफरत फैलाना बंद करना चाहिए।
महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद के संबंध में मनसे के रुख पर अबू आजमी ने कहा कि मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए। यह राज्य की भाषा है। किसी को पीटने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। बिना अनुमति के प्रदर्शन करना सही नहीं है। राज्य सरकार को इसके खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए।