क्या मध्य प्रदेश के आपदा प्रभावित 13 जिलों के किसानों को राहत मिली?
सारांश
मुख्य बातें
भोपाल, 3 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश में आपदा प्रभावित किसानों को दशहरे के अवसर पर राज्य सरकार ने एक बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 13 जिलों के आपदा प्रभावित किसानों के खातों में 653 करोड़ की राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित अपने कार्यालय से विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों से वर्चुअल संवाद किया और दशहरे की शुभकामनाएं भी दी।
बाढ़ और बारिश से प्रभावित जिलों के किसान वर्चुअल जुड़े। आपदा और बीमारियों से 13 जिलों के 51 तहसीलों के 8 लाख से अधिक किसान प्रभावित हुए। इनको 653 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण की गई। इन 13 जिलों के प्रशासन, किसान और जनप्रतिनिधि भी वर्चुअल जुड़े।
सीएम मोहन यादव ने प्रभावित किसानों से संवाद भी किया। मंदसौर के किसानों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार पीला मौजिक प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार ने जो कहा था वह किया जा रहा है। पिछले दिनों राज्य में हुई भारी बारिश के चलते फसलों को बड़ा नुकसान हुआ था और उसके बाद बीमारियों के हमले में भी फसल प्रभावित हुई थी। प्रदेश सरकार ने प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था और इसके लिए सर्वे भी कराया गया था। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को दशहरे के मौके पर राशि का अंतरण किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ वर्चुअली जुड़े प्रभावित किसानों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार के फैसले पर संतोष जताया। साथ ही कहा कि दशहरे के मौके पर उन्हें यह राहत मिली है, लिहाजा उनकी दीपावली तो पहले ही हो गई है। किसानों ने सरकार के प्रति आभार जताया और कहा कि संकट के समय सरकार ने उनका साथ दिया है।
किसानों का कहना है कि पीला मौजिक बीमारी से किसानों की फसल बड़े पैमाने पर प्रभावित होती है। सरकार की ओर से अब तक उन्हें इस तरह की राशि नहीं मिली। इस बार मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहत राशि उपलब्ध कराई है।