छत्तीसगढ़: महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, 912 किलो गांजा और तस्कर गिरफ्तार
सारांश
मुख्य बातें
महासमुंद, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान में कुल 912.760 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए है। इसके अलावा, परिवहन में उपयोग किए गए वाहन और अन्य सामग्री को मिलाकर कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक वाहन के जरिए गांजा की बड़ी खेप पलसापाली बैरियर की ओर लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर, एंटी-नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी की और वाहन को रोका। तलाशी के दौरान, वाहन में केले की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 29 बोरियों में गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल किया था। जांच में यह पता चला है कि यह गांजा ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में शामिल झारखंड निवासी अब्दुल नईम (42) को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जब्त सामान में 912.760 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान और खुफिया सूचना के आधार पर यह सफलता प्राप्त हुई है। पिछले तीन महीनों में पुलिस ने 72 मामलों में कुल 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 52 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 135 अन्य राज्यों के हैं।