क्या मनजिंदर सिंह सिरसा ने अमेरिका में सरदार हरपाल सिंह पर हुए हमले की निंदा की?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, १३ अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अमेरिका में सरदार हरपाल सिंह पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले को उन्होंने 'नस्लीय हमला' बताते हुए कहा कि 70 वर्षीय सिख हरपाल सिंह इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस को बताया, "अमेरिका में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हिंसक हमला हुआ। इस नक्सली हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हरपाल सिंह अब अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि यह नस्लीय हमला पहली बार नहीं हुआ है। अमेरिकी सरकार नस्लीय हमलों को रोकने में असफल रही है। भारत की ओर से बार-बार चिंता जाहिर करने पर भी ऐसे हमले नहीं रुके हैं।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने सोशल मीडिया पर लिखा, "सिख समुदाय ने हमेशा बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा में योगदान दिया है। यह अत्यंत दुखद है कि विदेशी धरती पर हमारे निर्दोष बुजुर्गों पर इस तरह के हमले हो रहे हैं। 70 वर्षीय हरपाल सिंह पर हुआ यह हृदयविदारक हमला निंदनीय है। हम, पूरा सिख समुदाय, न सिर्फ न्याय की मांग कर रहा है, बल्कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की भी मांग कर रहा है।"
हरपाल सिंह लॉस एंजेल्स में सिख गुरुद्वारे के पास टहल रहे थे जब उन पर क्रूर हमला हुआ, जिसमें उनके चेहरे की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर स्थिति में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां वे कई दिनों से आईसीयू में हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।