क्या तेजस्वी यादव की घोषणाएँ सिर्फ चुनावी लॉलीपॉप हैं?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 5 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के चलते भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने एनडीए सरकार की जीविका योजना का हवाला देते हुए इंडिया गठबंधन पर आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव की नई घोषणाओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ये केवल 'चुनावी लॉलीपॉप' हैं।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "हमारी एनडीए सरकार ने सीएम जीविका योजना की शुरुआत की है, जिस प्रकार एनडीए स्पष्ट योजना के साथ कल्याणकारी योजनाएं लागू करती है, उससे हर परिवार को सालाना कम से कम 1.5 लाख रुपए से 2 लाख रुपए सीधे मिलते हैं। यह योजना सोच-समझकर बनाई गई है और कुशलतापूर्वक लागू की गई है। अगर विपक्ष के पास कोई नया विचार है, तो उन्हें उसे प्रस्तुत करना चाहिए, लेकिन पहले उन्हें अपने महागठबंधन के अंदरूनी विवादों को सुलझाना चाहिए।"
विपक्ष के चुनावी वादों को मनोज तिवारी ने लॉलीपॉप करार दिया। उन्होंने कहा, "इस चुनाव में वे लोग बहुत सारे लॉलीपॉप देंगे, क्योंकि उन्हें पता है कि वे जनता की नजरों में खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन मुझे बिहार की जनता पर पूरा भरोसा है कि वे एनडीए सरकार पर भरोसा करती हैं और आगे भी करेंगी, जिसका नतीजा 14 नवंबर को देखने को मिलेगा।
राजद द्वारा एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को 'उग्रवादी' कहे जाने पर मनोज तिवारी ने कहा, "महागठबंधन से मुसलमान वोट भी दूर हो रहे हैं। अब वो कहीं मुस्लिम समाज को ही गाली न देने लगें।"
एनडीए सरकार की जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एनडीए सरकार से बहुत खुश है। इस बार मजबूत तरीके से एनडीए सरकार बनने वाली है। युवाओं, महिलाओं और गरीबों के घर में रोशनी है, सड़कें बन गई हैं, और एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है। सिर्फ बिहार में ही नहीं बल्कि दिल्ली में भी रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां एक बार में 500 से ज्यादा लोग आ सकते हैं। छठ के मौके पर ज्यादा भीड़ हो जाती है। अब बिहार चुनाव में है, तो दूर-दूर से लोग वोट देने के लिए आ रहे हैं। इन लोगों के लिए भी खास तैयारी की गई है।