नाहिद राणा ने दिखाया जादू, बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड टीम 198 रन पर ढेर
सारांश
मुख्य बातें
ढाका, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच सोमवार को वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 48.4 ओवर में केवल 198 रन बनाकर पूरी तरह से ऑल आउट हो गई।
इस मैच में न्यूजीलैंड की शुरुआत बिलकुल भी अच्छी नहीं रही। हेनरी निकोल्स ने 26 गेंदों का सामना करते हुए मात्र 13 रन बनाए। विल यंग भी कुछ खास नहीं कर सके और केवल 2 रन बनाकर नाहिद राणा के हाथों आउट हो गए। कप्तान टॉम लाथम ने भी निराश किया और 35 गेंदों में केवल 14 रन जोड़े।
हालांकि, चौथे विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास और निक केली ने 56 रन की साझेदारी की। अब्बास 34 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए, वहीं निक केली ने 102 गेंदों में 83 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 14 चौके भी लगाए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 15 रन बनाए और नाथन स्मिथ ने 23 गेंदों में नाबाद 18 रन जोड़े।
बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। नाहिद राणा ने 10 ओवर में केवल 32 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। शोरीफुल इस्लाम ने भी अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने 10 ओवर में 32 रन देकर निक केली और टिकनर का विकेट लिया। सौम्य सरकार और रिशाद हुसैन ने भी एक-एक विकेट चटकाया।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: हेनरी निकोल्स, निक केली, विल यंग, टॉम लाथम (विकेटकीपर), मोहम्मद अब्बास, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जोश क्लार्कसन, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, जेडन लेनोक्स और विलियम ओ'रूर्के।
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हुसैन शान्तो, लिटन दास (विकेटकीपर), तौहीद ह्रदय, सौम्य सरकार, मेहदी हसन मिराज (कप्तान), रिशाद हुसैन, शोरीफुल इस्लाम, तस्कीन अहमद और नाहिद राणा।