तंजीद हसन की अद्भुत शतकीय पारी, बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाए 290 रन
सारांश
मुख्य बातें
ढाका, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। रविवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए। इस मैच में तंजीद हसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने अच्छी शुरुआत की। सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने पहले विकेट के लिए 18.1 ओवर में 105 रनों की साझेदारी की। सैफ ने 55 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हो गए। नजमुल हुसैन शान्तो भी 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लिटन दास ने 51 गेंदों में एक चौके और छक्के की मदद से 41 रन बनाए।
हालांकि, तंजीद हसन ने एक छोर संभाले रखा और अपने वनडे करियर का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने 107 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। तौहीद हृदोय ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 48 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके शामिल थे।
गेंदबाजी में पाकिस्तान के हैरिस रऊफ ने 10 ओवर में 52 रन खर्च करते हुए 3 विकेट लिए। वहीं, शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद ने एक-एक विकेट चटकाया। इस तीन मैचों की वनडे सीरीज का स्कोर अभी 1-1 है। पहले वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था, जबकि दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रनों से हराया था।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, गाजी गोरी, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान आगा, अब्दुल समद, फहीम अशरफ, साद मसूद, शाहीन अफरीदी (कप्तान), हैरिस रऊफ और अबरार अहमद।
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हुसैन शान्तो, लिट्टन दास (विकेटकीपर), तौहीद हृदोय, अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज (कप्तान), रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान और नाहिद राणा।