न्यूजीलैंड का सामना साउथ अफ्रीका से: पहले टी20 में जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 74 टी20 मुकाबले हुए हैं।
- न्यूजीलैंड ने 42 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 27 मैच।
- पहली पारी का औसत स्कोर 155 रन है।
- दूसरी पारी का औसत स्कोर 137 रन है।
- इस श्रृंखला का महत्व 2028 टी20 विश्व कप की तैयारी में है।
नई दिल्ली, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 श्रृंखला का पहला मैच 15 मार्च को माउंट माउंगानुई के बे ओवल ग्राउंड पर आयोजित होगा। इस श्रृंखला में दोनों पक्षों ने कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है। एडेन मार्करम की अनुपस्थिति में साउथ अफ्रीका की कप्तानी केशव महाराज कर रहे हैं।
टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। लेकिन, फाइनल में न्यूजीलैंड को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस श्रृंखला में सेमीफाइनल खेलने वाले केवल 4 खिलाड़ी शामिल होंगे। ईश सोढ़ी, काइल जेमीसन, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ को खेलने का मौका मिलेगा, जो अपनी-अपनी टीमों के विश्व कप स्क्वाड में थे, लेकिन टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं खेल पाए थे। इस टी20 श्रृंखला में युवा खिलाड़ियों के पास शानदार प्रदर्शन का अवसर होगा।
न्यूजीलैंड की टीम में टिम रॉबिन्सन और बेवन जैकब्स जैसे खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं को दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा। वहीं, साउथ अफ्रीका के फैंस की नजरें जॉर्डन हरमन और नकोबानी मोकोएना पर होंगी, जिन्होंने हाल ही में समाप्त हुए एसएटी20 लीग में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। हरमन ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए थे, जबकि नकोबानी ने 10 मैचों में 13 विकेट लिए थे। चोट से ठीक होने के बाद टॉनी डी जॉर्जी भी इस श्रृंखला में खेलते हुए दिखाई देंगे। यह श्रृंखला दोनों देशों के लिए 2028 टी20 विश्व कप की तैयारी की आधिकारिक शुरुआत भी होगी, जिसका सह-मेजबानी न्यूजीलैंड करेगा।
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 74 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 42 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 27 मैचों में जीत हासिल की है। बे ओवल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां जमकर चौके-छक्के लगते हैं। पहली पारी का औसत स्कोर यहां 155 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 137 रन है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले पहले टी20 में बारिश की संभावना कम है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
साउथ अफ्रीका टी20 टीम: टोनी डी जोरजी, जेसन स्मिथ, जॉर्डन हरमन, जॉर्ज लिंडे, वियान मुल्डर, कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), प्रेनेलन सुब्रायन, डियान फॉरेस्टर, गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज (कप्तान), लुथो सिपामाला, रुबिन हरमन, एंडिले सिमेलेन, नकोबानी मोकोएना।
न्यूजीलैंड टी20 टीम: डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, टॉम लैथम, जेम्स नीशम, जोश क्लार्कसन, मिचेल सेंटनर (कप्तान), बेवन जैकब्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, लॉकी फर्ग्यूसन, ईश सोढ़ी, कोल मैककॉन्ची, डेन क्लीवर, निक केली, बेन सियर्स, कैटेन डी क्लार्क, जेडन लेनोक्स, जैक फॉल्क्स।