नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा: जहानाबाद में 70 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन
सारांश
Key Takeaways
- समृद्धि यात्रा के तहत नीतीश कुमार ने विकास योजनाओं का उद्घाटन किया।
- 70 करोड़ की लागत से 88 परियोजनाओं का उद्घाटन।
- महिला सशक्तीकरण के लिए प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना।
- केंद्र सरकार का बिहार के विकास में सहयोग।
- एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य।
पटना, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अपनी 'समृद्धि यात्रा' के तहत जहानाबाद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले में कई विकासात्मक योजनाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के कार्यान्वयन के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम से रिमोट के माध्यम से जिले के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन किया और 182 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही, उन्होंने जहानाबाद पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों के लिए सिलाई प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद, मुख्यमंत्री ने महिला प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए बनाए जा रहे ड्रेस के संबंध में भी जानकारी ली। सिलाई केंद्र से जुड़ी जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी मेहनत करें, सरकार हर प्रकार की सुविधा प्रदान कर रही है। स्व-रोजगार के लिए सरकार सभी प्रयास कर रही है।
सीएम नीतीश कुमार इस यात्रा के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व की सरकारों पर सवाल उठाए और एनडीए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया था और जो कमी थी, उसे पूरा करने के लिए 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई है। सभी जिलों में इन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। अब तक 21 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, और शेष सभी कार्यों को जल्द ही पूरा किया जाएगा।
सीएम ने केंद्र सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के लिए सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गई है। साथ ही, 2025 में केंद्र द्वारा बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि जैसे सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहा है। महिला सशक्तीकरण के लिए भी कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी देने का वादा किया।