सीएम नीतीश कुमार ने भागलपुर में किया 442 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन, बिहार के विकास का संकल्प
सारांश
Key Takeaways
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 442 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन किया।
- सरकार का लक्ष्य बिहार को विकसित राज्यों में शामिल करना है।
- एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का संकल्प।
- उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज।
- स्टार्टअप नीति युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही है।
भागलपुर, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपनी समृद्धि यात्रा के अंतर्गत भागलपुर का दौरा किया, जहाँ उन्होंने जिले के लिए 442 करोड़ रुपए की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इन योजनाओं में 171 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और 271 करोड़ रुपए की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी की।
जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी में विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य सभी लोगों का सम्मान सुनिश्चित करना और उनके जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन का निर्देश देते हुए कहा कि बिहार को देश के विकसित राज्यों में शामिल करना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग स्थापना और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों का और विकास हो और युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले। स्टार्टअप नीति के तहत युवाओं को अपना रोजगार आरंभ करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस यात्रा के दौरान कई योजनाओं का निरीक्षण किया और जन संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। समीक्षा बैठक में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।