मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा सुपौल में, 200 से अधिक योजनाओं का हुआ उद्घाटन
सारांश
Key Takeaways
- नीतीश कुमार की यात्रा का केंद्र बिंदु विकास योजनाएं हैं।
- सुपौल में 213 योजनाओं का उद्घाटन हुआ।
- सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों का विकास करना है।
- कानून व्यवस्था में सुधार का दावा किया गया है।
- बिजली और सोलर पैनल योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा।
सुपौल, 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद अपनी समृद्धि यात्रा की शुरुआत की। इस चरण की शुरुआत सुपौल से हुई।
मुख्यमंत्री ने सुपौल में कुल 569 करोड़ रुपये की 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 84 योजनाओं का शिलान्यास 435 करोड़ रुपये की लागत से और 135 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी और अन्य मंत्री एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प क्षण देखा गया जब नीतीश कुमार ने मंत्री बिजेंद्र यादव को टोपी और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया, जिससे मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राज्य की विकास योजनाओं का उल्लेख किया और विपक्ष पर भी तंज कसा।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि पहले की सरकारों के समय विकास की गति कैसी थी। कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि पहले शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने में भयभीत रहते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद कमजोर थी। पहले समाज में सांप्रदायिक तनाव और टकराव की घटनाएं आम थीं, लेकिन अब राज्य में सामाजिक सौहार्द और शांति का वातावरण बना हुआ है।
सरकार की विकास योजनाओं का लाभ हर वर्ग और हर समुदाय तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर तबके के विकास के लिए काम कर रही है। सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि 2018 में ही हर घर में बिजली पहुंचाई गई है और अब सभी को मुफ्त बिजली दी जा रही है। इसके साथ ही, हम आपके घर में सोलर पैनल भी लगवा रहे हैं, जिससे आपको अधिक लाभ होगा।
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण भी किया और लोगों से संवाद किया। सीएम आज मधेपुरा भी जाएंगे, जहां वे कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।