नोएडा में गैंगस्टर की गिरफ्तारी, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
सारांश
Key Takeaways
- गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी
- पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
- अवैध हथियारों के साथ अभियुक्त की गिरफ्तारी
- अभियुक्त के खिलाफ पहले से दर्ज कई मामले
- आम जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस का प्रयास
ग्रेटर नोएडा, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गौतमबुद्धनगर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना सूरजपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पकड़ लिया है।
आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को थाना सूरजपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि को ग्राम खेड़ी कट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ एक संगठित गिरोह चलाता था, जो मुख्य रूप से घरों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं में लिप्त था।
आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सूरजपुर थाने में कई गंभीर धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी इनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक गौतम उर्फ रवि (31 वर्ष) पुत्र गोविंद निवासी गौतमपुरी, कस्बा एवं थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल सात मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। वर्तमान में पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।