प्रधानमंत्री मोदी ने चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर एवं गुड़ी पड़वा पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं
सारांश
Key Takeaways
- प्रधानमंत्री मोदी का नवरात्रि पर शुभकामनाएं देना
- मां दुर्गा की कृपा का महत्व
- नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं
- सकारात्मकता और एकता की प्रेरणा
- राष्ट्र निर्माण की दिशा में नई ऊर्जा की कामना
नई दिल्ली, 19 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'चैत्र नवरात्रि' का आरंभ होते ही देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की अपार कृपा से सभी का कल्याण हो, जिससे भारत के विकास के संकल्प को नई ऊर्जा मिले।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मेरे सभी परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिव्य अवसर आपके लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और स्वास्थ्य लेकर आए। मां दुर्गा की असीम कृपा से सभी का कल्याण हो, जिससे हमारे विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिले। जय अंबे जगदंबे मां।"
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप देवी शैलपुत्री की पूजा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "उनके आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।"
उन्होंने संस्कृत सुभाषित में लिखा, "वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्। वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्।" इस सुभाषित में कहा गया है, "जो भक्तों की सभी इच्छाओं को पूर्ण करने वाली हैं, जिनके मस्तक पर अर्धचंद्र सुशोभित है, जो वृषभ पर आरूढ़ हैं और हाथ में त्रिशूल धारण करती हैं, उन यशस्विनी देवी शैलपुत्री की मैं वंदना करता हूं।"
पीएम मोदी ने एक भजन भी साझा किया और लिखा, "जगतजननी मां दुर्गा के चरणों में कोटि-कोटि देशवासियों की ओर से मेरा नमन और वंदन। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर देवी मां से प्रार्थना है कि वे सभी को अपने स्नेह और अनुकंपा का आशीर्वाद प्रदान करें। जय माता दी।"
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने नव संवत्सर के अवसर पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "आप सभी को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आपके जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को और मजबूत करे, जो राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को नई मजबूती दे।"
उन्होंने गुड़ी पड़वा की भी शुभकामनाएं दीं और कहा, "इस पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह सुंदर त्योहार नए वर्ष के आगमन का प्रतीक है, जो नई ऊर्जा, आशा और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है। मेरी कामना है कि आने वाला वर्ष आप सभी के लिए खुशियों, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य से भरा हो। यह हममें से हर किसी को अटूट दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, अपनी आकांक्षाओं को संवारने और सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करे।"