क्या पंजाब में अमृतसर में पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े तस्कर गिरफ्तार हुए?
सारांश
मुख्य बातें
अमृतसर, 26 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक खतरनाक स्मगलिंग और आतंकी मॉड्यूल को गंभीर झटका दिया है। खुफिया जानकारी के आधार पर, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बुधवार तड़के विशेष अभियान चलाकर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से जानकारी साझा करते हुए लिखा, "इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने क्रॉस-बॉर्डर स्मगलिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान एक आईईडी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान स्थित हैंडलर से संपर्क का पता चला है। पंजाब पुलिस सीमा पार के अपराधों को समाप्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमृतसर के सीमावर्ती गांव के निवासी हैं और लंबे समय से ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ पाकिस्तान से लाते रहे हैं। बरामद आईईडी यह संकेत करती है कि यह किसी बड़ी आतंकी योजना का हिस्सा हो सकती है।
इससे पहले, पंजाब पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के अपने अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की थी। कपूरथला जिले की सदर पुलिस ने सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात जग्गा फुकीवाल एक्सटॉर्शन गैंग के मुख्य हथियार सप्लायर अमनदीप सिंह उर्फ अमन (ताशपुर, कपूरथला) को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से कई देसी पिस्तौलें बरामद हुईं।
पंजाब डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। डीजीपी के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से जारी बयान के अनुसार, अमनदीप गैंग को फायरिंग और जबरन वसूली के लिए हथियार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
बता दें कि पंजाब पुलिस ने पिछले एक महीने में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रखा है, जिसमें सैकड़ों पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए हैं।