क्या राहुल गांधी देश को बदनाम करने लगे हैं?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, २४ दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पीएम मोदी को चुनाव में हराने में असमर्थ हैं, इसी कारण से वे भारत को बदनाम करने के लिए विदेश जाकर भी नकारात्मक बातें करने लगे हैं।
भाजपा प्रवक्ता का यह बयान तब आया है, जब राहुल गांधी ने जर्मनी के दौरे के दौरान कई मुद्दों पर टिप्पणी की, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, चुनाव आयोग, ईवीएम और चीन की प्रशंसा से संबंधित बयान शामिल थे।
आरपी सिंह ने राहुल गांधी के मैन्युफैक्चरिंग वाले बयान पर जवाब देते हुए कहा कि उनके पास सही जानकारी नहीं है। वह बार-बार विदेश जाते हैं और झूठे बयान देते हैं, जिससे भारत की छवि खराब होती है। लगातार छह वर्षों से जीडीपी ग्रोथ उच्चतम स्तर पर है। मोबाइल सेक्टर में हम नंबर-2 हैं और वाहनों के मामले में नंबर-3 पर हैं। हर सेक्टर में हमारी वृद्धि तेजी से हो रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मुख्य कार्य है - देश को बदनाम करना। चूंकि वे पीएम मोदी को हराने में असमर्थ हैं, इसलिए वे मोदी को बदनाम करते-करते देश को भी बदनाम करने लगे हैं।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा प्रियंका गांधी को पीएम बनाने की वकालत पर बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा की सहमति पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से कोई नहीं रोक सकता। सपने देखिए, लेकिन ऐसे सपने जो पूरे किए जा सकें; पीएम बनने का सपना देश की जनता पूरा नहीं होने देगी, क्योंकि पीएम को जनता चुनती है।
आरपी सिंह ने कहा कि देश की जनता जिसे चाहेगी, उसे पीएम बनाएगी। मुझे नहीं लगता कि देश की जनता आज लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए पीएम की जगह एक डायनेस्टीभ्रष्ट परिवार को चुनने की बात करेगी।