बिहार: लूट और आर्म्स एक्ट का आरोपी २५ हजार का इनामी राहुल सिंह गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- राहुल सिंह २५ हजार रुपए का इनामी अपराधी है।
- वह लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास में वांछित था।
- पुलिस ने विशेष अभियान के तहत राहुल को गिरफ्तार किया।
- राहुल का आपराधिक इतिहास लंबा है।
- गिरफ्तारी से पुलिस की कार्रवाई को मजबूती मिली है।
सहरसा, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान प्रारंभ किया है। इसी दौरान, मंगलवार को उन्हें एक महत्वपूर्ण सफलता मिली, जब लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों का आरोपी एवं २५ हजार रुपए का इनामी राहुल सिंह को गिरफ्तार किया गया।
सहरसा के पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि जिले में वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में २५ हजार रुपए के इनामी अपराधी राहुल सिंह को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि राहुल का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है।
जानकारी के अनुसार, महिषी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में राहुल की तलाश चल रही थी। आरोप है कि राहुल और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता के घर में घुसकर मारपीट की, दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी थी। इस घटना के बाद वह फरार हो गया था।
गिरफ्तारी के डर से, राहुल घटना के बाद से बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला आसूचना इकाई और महिषी थाना पुलिस शामिल थी।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और इनामी कुख्यात अपराधी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह महिषी थाना के महपुरा गांव का निवासी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर हत्या के प्रयास और मद्यनिषेध से संबंधित मामलों में भी वांछित था।
सहरसा जिले में इसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मुख्यतः आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट सहित अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब राहुल से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य सहयोगियों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।