शी चिनफिंग ने चीन-अमेरिका की 'पिंग-पोंग कूटनीति' की 55वीं वर्षगांठ पर बधाई दी
सारांश
Key Takeaways
- चीन-अमेरिका पिंग-पोंग कूटनीति का ऐतिहासिक महत्व
- शी चिनफिंग का बधाई पत्र और युवा पीढ़ी का योगदान
- खेल आदान-प्रदान की गतिविधियों का शुभारंभ
- दोनों देशों के बीच मित्रता को बढ़ावा देने का प्रयास
- पेइचिंग में आयोजित समारोह का महत्व
बीजिंग, 11 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 10 अप्रैल को चीन-अमेरिका 'पिंग-पोंग कूटनीति' की 55वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्मारक समारोह और चीन-अमेरिका युवा खेल आदान-प्रदान गतिविधियों की श्रृंखला के आरंभ समारोह के लिए एक बधाई पत्र भेजा।
शी चिनफिंग ने उल्लेख किया कि 55 वर्ष पहले, चीन और अमेरिका के प्रमुख नेताओं ने अपनी असाधारण राजनीतिक बुद्धि और दूरदर्शिता से दोनों देशों के नागरिकों के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान के द्वार फिर से खोले और 'एक छोटी गेंद द्वारा बड़ी गेंद को हिलाने' की ऐतिहासिक कहानी रची। आज, दोनों देशों के युवा अपने "पिंग-पोंग जैसे बंधन" को बनाए रखते हुए खेल आदान-प्रदान की गतिविधियों की एक श्रृंखला का संचालन कर रहे हैं, जो चीन-अमेरिका मित्रता को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन-अमेरिका संबंधों की नींव जनता द्वारा रखी जाती है और भविष्य युवाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के सभी वर्गों के लोग, विशेषकर युवा पीढ़ी, इतिहास से ज्ञान और शक्ति प्राप्त करेंगे, आदान-प्रदान और सहयोग के माध्यम से एक दूसरे के करीब आएंगे और एक-दूसरे से सीखने में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगे, मित्रता के बंधन को मजबूत करेंगे और चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर, स्वस्थ और सतत विकास में नए योगदान देंगे।
यह ध्यान देने योग्य है कि चीन-अमेरिका 'पिंग-पोंग कूटनीति' की 55वीं वर्षगांठ का समारोह और चीन-अमेरिका युवा खेल आदान-प्रदान गतिविधियों की श्रृंखला का शुभारंभ समारोह चीन की राजधानी पेइचिंग में एक ही दिन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन चीनी जन विदेशी मैत्री संघ, चीनी राष्ट्रीय खेल अखिल ब्यूरो और चाइना मीडिया ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)