शुभांगी अत्रे ने रिलेशनशिप के मुद्दे पर साझा की अपनी सोच, बोलीं, 'मैं अब पका घड़ा हो चुकी हूं'
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 10 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ की शुभांगी अत्रे छोटे पर्दे की प्रमुख हस्तियों में से एक हैं। उन्होंने इस सीरियल में अंगूरी भाभी का किरदार लगभग 10 वर्षों तक निभाया है। शुभांगी ने राष्ट्र प्रेस के साथ अपनी निजी ज़िंदगी और भावनाओं को साझा किया।
रिलेशनशिप में आने के बारे में पूछे जाने पर शुभांगी ने खुलकर अपनी राय रखी। 11 अप्रैल को उनका जन्मदिन है। उन्होंने कहा, "ज़िंदगी कई अध्यायों के साथ आती है, और इसमें कुछ लोग आते हैं और कुछ चले जाते हैं। 20 की उम्र में ऊर्जा अधिक होती है, लेकिन सही और गलत की पहचान नहीं होती; जबकि उम्र बढ़ने के साथ निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है क्योंकि आप स्वीकार करना सीख जाते हैं। आपको पता होता है कि जो हो रहा है, वह सही है और इसके पीछे कोई न कोई कारण होता है, जिससे शिकायतें भी कम हो जाती हैं।"
शुभांगी की बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं और उनसे दूरी सहन करना उनके लिए कठिन हो रहा है। बेटी की पढ़ाई पर बात करते हुए शुभांगी ने कहा, "मेरी बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है और समय क्षेत्र के कारण कभी-कभी लंबा समय गुजर जाता है बिना बात किए। मुझे लगता है कि पढ़ाई सबसे महत्वपूर्ण है, जैसे मैंने इंदौर से मुंबई आकर अपने सपनों को पूरा किया, वैसे ही मैंने अपनी बेटी को उसके सपने को पूरा करने के लिए अमेरिका भेजा है। हर माता-पिता का कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को उड़ने का हौसला दें और आज के समय में हर महिला का सशक्त होना बहुत आवश्यक है।"
शुभांगी अत्रे वर्तमान में सिंगल हैं और किसी रिश्ते में नहीं आना चाहतीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके अनुभव के अनुसार, उन्हें पति-पत्नी से ज्यादा दोस्ती का रिश्ता पसंद है। कभी-कभी उन्हें अकेलापन महसूस होता है, विशेषकर मुश्किल समय में, लेकिन अब उनकी उम्र के साथ चीजों का सामना करना सीख गई हैं। इस उम्र में, उन्हें लगता है कि वे पका घड़ा बन चुकी हैं, जिसे किसी रिश्ते में ढालना आसान नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा, "मेरे लिए ऐसे पति-पत्नी अच्छे होते हैं, जो दोस्त भी होते हैं। यह रिश्ता खुलकर जीने वाला होता है, न कि डरने वाला। अगर मैं किसी रिश्ते में आई भी तो पहले दोस्ती का रिश्ता बनाऊंगी। मुझे नहीं लगता कि मैंने कभी किसी निर्णय पर पछताया है। मेरा मानना है कि ज़िंदगी में जो भी आता है, वह आपको कुछ सिखाने के लिए आता है। मेरी शादी जल्दी हो गई थी, लेकिन समय के साथ हर किसी की भावनाएं बदल जाती हैं, तो कुछ चीजों की याद आती है, लेकिन किसी के लिए पछतावा नहीं है।"