क्या ऑपरेशन 'व्हाइट बॉल' पहलगाम हमले के पीड़ितों और सेना को समर्पित है? पाकिस्तान को पटखनी देने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव
सारांश
मुख्य बातें
दुबई, 15 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ मिली शानदार जीत को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान साहस दिखाने वाले सेना के जवानों को समर्पित किया। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता भी व्यक्त की।
सूर्यकुमार यादव का जन्मदिन, पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत, और उनकी फिनिशर पारी – यह दिन उनके लिए यादगार रहा। पुरस्कार समारोह में जब वह आए, तो संजय मांजरेकर ने उन्हें 'हैप्पी बर्थ डे' कहकर स्वागत किया।
जन्मदिन के जश्न के बीच, भारतीय कप्तान ने कहा, "भारत को रिटर्न गिफ्ट देकर मुझे खुशी हो रही है। हम ऐसी ही जीत की उम्मीद कर रहे थे। मेरा लक्ष्य अंत तक बल्लेबाजी करना था। हमारे लिए, यह मैच एक साधारण मैच की तरह था। हम सभी विरोधियों के लिए एक समान तैयारी करते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी भी हमने इसी मानसिकता से जीती थी।"
सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा, "यह सही समय है और मैं कहना चाहता हूं कि हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस जीत को हम सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करते हैं, जिन्होंने अद्भुत साहस दिखाया। मुझे उम्मीद है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे।"
बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। कुलदीप ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन बना सका। साहिबजादा फरहान ने 40 और शाहीन अफरीदी ने नाबाद 33 रन बनाए।
भारत के लिए कुलदीप यादव के अलावा अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया। हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट लिया।
पाकिस्तान द्वारा दिए गए 128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी को पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर अपनी क्लास दिखाई। शर्मा ने 13 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। गिल ने 7 गेंद पर 10, तिलक वर्मा ने 31 गेंद पर 31 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंद पर नाबाद 47 रन बनाकर मैच को समाप्त किया। उन्होंने छक्का लगाकर जीत दिलाई। शिवम दुबे 10 रन पर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में 3 विकेट पर 131 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता।