उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नवरात्र पर 'श्री माता वैष्णो देवी जी प्राचीन मार्ग पवित्र गदा यात्रा' का शुभारंभ किया
सारांश
Key Takeaways
- उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नवरात्र पर यात्रा का शुभारंभ किया।
- यात्रा देवा माई मंदिर तक जाएगी।
- १५ साल से यह यात्रा जारी है।
- भक्तों की बड़ी संख्या दर्शन के लिए मंदिरों में पहुँच रही है।
- यात्रा में शामिल होना सभी के लिए खुला है।
नगरोटा, २२ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। नवरात्र के पावन पर्व पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कोल कंडोली मंदिर में पहुँचकर 'श्री माता वैष्णो देवी जी प्राचीन मार्ग पवित्र गदा यात्रा' के ध्वजारोहण समारोह में भाग लिया और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपराज्यपाल के नगरोटा पहुँचने पर विधायक देवयानी राणा ने नवरात्र की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मनोज सिन्हा जी ने यहाँ आकर हमारी 'श्री माता वैष्णो देवी जी प्राचीन मार्ग पवित्र गदा यात्रा' को रवाना किया। यह यात्रा देवा माई मंदिर तक जाएगी, जो श्री माता वैष्णो देवी का दूसरा दर्शन माना जाता है। १५ साल पहले शुरू की गई यह यात्रा आज भी प्रासंगिक बनी हुई है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष को लेकर उन्होंने कहा कि हम ऐसे देश के नागरिक हैं, जो गर्व से कह सकते हैं कि हम सशक्त हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐसी नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय हमने यह देखा कि हम सभी को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं। विश्व में यह संदेश फैल गया है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में किसी के साथ खिलवाड़ करने पर हम उसे ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
जानकारी के अनुसार, चैत्र नवरात्र के चौथे दिन बड़ी संख्या में भक्त देवी मंदिरों में दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। शक्तिपीठ मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है और वे लंबी लाइनों में लगकर मां के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर, नैना देवी मंदिर और हरिद्वार के सुरेश्वरी देवी मंदिर में भक्त लगातार दर्शन के लिए आ रहे हैं।
माता वैष्णो देवी मंदिर में देशभर से श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। मेरठ से दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि मंदिर में काफी भीड़ है लेकिन मां के आशीर्वाद से हम कठिन चढ़ाई चढ़ने के लिए तैयार हैं। हम बहुत भाग्यशाली हैं कि मां ने नवरात्र के समय दर्शन के लिए हमें बुलाया है।