क्या जीएसटी में कटौती से ग्राहकों में खुशी की लहर है?
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ/मलकानगिरि, 23 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। जीएसटी सुधार लागू होने के बाद लोगों में एक नई खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इसके चलते गाड़ियों की कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिसके कारण शोरूमों में ग्राहकों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और बिक्री में भी तेजी आई है।
गाड़ी खरीदने आए ग्राहक शाबिर ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में बताया कि उन्होंने क्रेटा गाड़ी खरीदी है और जीएसटी की दरों में कमी के कारण उन्हें 70,000 से 80,000 रुपए तक की बचत हुई है।
वहीं, एक अन्य ग्राहक राम सिंह ने कहा कि कंपनियों ने जीएसटी का लाभ ग्राहकों को दिया है। मैंने हुंडई आई10 खरीदी है और नई जीएसटी दरों से इसका मूल्य पहले के मुकाबले लगभग 70,000 रुपए कम हो गया है।
लखनऊ में स्थित हुंडई की डीलरशीप के असिसटेंट जनरल मैनेजर आसिम ने कहा कि जीएसटी सुधार पर ग्राहकों से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पहली बार कार खरीदने वालों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। कंपनी ने जीएसटी का पूरा लाभ ग्राहकों को दिया है, जिससे गाड़ियों की कीमतों में बड़ी कमी आई है।
अन्य शहरों में भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। ओडिशा के मलकानगिरि में भी ऐसा ही ट्रेंड देखा जा रहा है। ग्राहकों का कहना है कि नई जीएसटी दरों के कारण गाड़ियों की कीमतों में काफी गिरावट आई है और बाइक एवं कार खरीदना पहले से अधिक सस्ता हो गया है।
नए जीएसटी सुधार 22 सितंबर से प्रभावी हो गए हैं। 1200 सीसी और 4 मीटर से कम की पेट्रोल गाड़ियों पर टैक्स 18 प्रतिशत हो गया है। 1500 सीसी और 4 मीटर से कम की डीजल गाड़ियों पर भी यही दर लागू हुई है। इससे ऊपर के सेगमेंट और क्षमता वाली गाड़ियों पर अब 40 प्रतिशत का टैक्स लगेगा, जो पहले लगभग 50 प्रतिशत था। 350 सीसी और उससे कम की बाइक पर अब जीएसटी घटकर 18 प्रतिशत हो गया है, जबकि पहले यह 28 प्रतिशत था।