क्या पद्मश्री से सम्मान मिलना सत्यनारायण नुवाल और उनके 15 हजार कर्मचारियों के लिए गर्व का क्षण है?
सारांश
Key Takeaways
- सत्यनारायण नुवाल को पद्मश्री सम्मान मिला है।
- यह सम्मान उनके 15 हजार कर्मचारियों के लिए भी गर्व का विषय है।
- सोलार इंडस्ट्रीज रक्षा क्षेत्र में नवाचार पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
- नागाअस्त्र का निर्माण भारतीय आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
- भविष्य में UAV और AI का महत्व बढ़ने वाला है।
नागपुर, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। पद्मश्री से सम्मानित होने पर सोलार इंडस्ट्रीज के चेयरमैन सत्यनारायण नंदलाल नुवाल ने सोमवार को कहा कि यह सम्मान पाना मेरे परिवार और मेरी कंपनी के 15 हजार कर्मचारियों के लिए गर्व का क्षण है।
समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में नुवाल ने कहा, "मैंने कभी इसके बारे में नहीं सोचा था, लेकिन यह सम्मान व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि मेरे परिवार और 15 हजार कर्मचारियों के लिए भी गौरव का क्षण है।"
उन्होंने पद्मश्री देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
रक्षा क्षेत्र में काम करने वाली अपनी कंपनी के कार्यों के बारे में बताते हुए नुवाल ने कहा कि हमारी कंपनी ने शुरुआत से ही ऐसे प्रोडक्ट्स पर ध्यान दिया है जो भारत में नहीं बनते थे या उनकी आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं थी।
उन्होंने बताया कि सोलार इंडस्ट्रीज ने नागाअस्त्र का निर्माण किया है, जिसका उपयोग ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किया गया था।
नुवाल ने कहा कि भविष्य में यूएवी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबॉट्स का होना तय है और हमारा देश इस क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बढ़ रहा है।
नुवाल के अलावा, सरकार ने महाराष्ट्र की शिपिंग कंपनी दास ऑफशॉर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और एमडी अशोक खड़े और किचन उपकरण बनाने वाली कंपनी प्रस्टीज के टीटी जगन्नाथन (मरणोपरांत) को भी पद्मश्री से सम्मानित किया है। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक को पद्म विभूषण से नवाजा गया है।
सरकार की ओर से कुल 131 व्यक्तियों को पद्म अवार्ड्स दिया गया है, जिसमें पांच को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 को पद्म श्री दिया गया है।
देश में भारत रत्न के बाद पद्म विभूषण दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। इसके अलावा, पद्म भूषण तीसरा और पद्म श्री चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है।
'पद्म विभूषण' असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है; 'पद्म भूषण' उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और 'पद्म श्री' किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।