क्या 2026 में बॉक्स ऑफिस पर मचेगा धमाल, शाहरुख से लेकर यश तक सुपरस्टार्स ला रहे हैं शानदार फिल्में?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 13 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड के लिए यह वर्ष कई सफल फिल्मों का गवाह बना है। लेकिन अगला वर्ष, यानी 2026, एक बड़ा धमाका देखने को मिल सकता है, क्योंकि कई बड़ी और लंबे समय से प्रतीक्षित फिल्में एक-एक कर दर्शकों के सामने आने वाली हैं। इनमें शाहरुख खान, रणबीर कपूर, यश, और सलमान खान जैसे सुपरस्टार्स अपनी प्रमुख फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने के लिए तैयार हैं।
किंग :- सबसे पहले हम शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' की चर्चा करते हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह एक्शन फिल्म पहले ही अपने टीजर से दर्शकों का दिल जीत चुकी है। फिल्म में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। यह फिल्म लगभग 350 करोड़ रुपए के बजट में बनाई जा रही है। इस फिल्म के जरिए 'पठान' के बाद शाहरुख और सिद्धार्थ की जोड़ी एक बार फिर एक्शन में लौट रही है।
टॉक्सिक :- केजीएफ से धमाल मचाने के बाद यश चार साल बाद फिल्म 'टॉक्सिक' के जरिए बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन गीता मोहनदास कर रही हैं और इसकी कहानी अभी गोपनीय रखी गई है। फिल्म की कास्ट में टोविनो थॉमस, नयनतारा, कियारा आडवाणी और हुमा कुरैशी जैसे कई प्रमुख नाम शामिल हैं। 'टॉक्सिक' करीब 200 करोड़ रुपए के बजट में बन रही है और इसकी रिलीज 19 मार्च 2026 को होगी। यश के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बैटल ऑफ गलवान :- सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें भारतीय सैनिकों ने 2020 में बहादुरी से चीन के सैनिकों का सामना किया था। इस फिल्म में सलमान एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं। अपूर्व लेखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म लगभग 100 करोड़ रुपए के बजट में तैयार हो रही है। माना जा रहा है कि यह फिल्म 2026 में किसी बड़े मौके पर रिलीज होगी।
लव एंड वॉर :- साल 2026 की चौथी बड़ी फिल्म है संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर'। यह एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म है जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ नजर आएंगे। पहली बार ये तीनों सितारे एक ही फ्रेम में होंगे, जिससे 'लव एंड वॉर' से उम्मीदें बहुत ऊंची हैं। यह फिल्म लगभग 200 करोड़ रुपए के बजट में बन रही है और इसे 2026 के अंत में रिलीज करने की योजना है।
रामायण: पार्ट 1 :- नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण: पार्ट 1' फिल्म पर लगभग 4,000 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया जा रहा है। इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश लंकापति रावण, सनी देओल रामभक्त हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म का पहला भाग दीपावली 2026 पर रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में आएगा।