आमिर खान के 10 अद्वितीय किरदार: रैंचो से मंगल पांडे तक
सारांश
Key Takeaways
- आमिर खान ने अपने करियर में विविधता के साथ कई किरदार निभाए हैं।
- उनका हर किरदार अपने आप में अद्वितीय है।
- वे समाज के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने वाले किरदार निभाते हैं।
- आमिर का अभिनय कौशल उन्हें 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' बनाता है।
- उनकी फिल्में दर्शकों को न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि उन्हें प्रेरित भी करती हैं।
मुंबई, १३ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड में आमिर खान को 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' के नाम से जाना जाता है, क्योंकि वे हर किरदार के लिए गहराई से तैयारी करते हैं। यही कारण है कि उन्होंने पिछले तीन दशकों में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जो एक-दूसरे से भिन्न हैं। कभी वे छात्र की भूमिका में होते हैं, कभी देशभक्त क्रांतिकारी, तो कभी एलियन। इसके अलावा, वे सख्त पुलिस इंस्पेक्टर के रूप में भी दिखते हैं।
लगान - आमिर खान की करियर की सबसे यादगार भूमिकाओं में से एक फिल्म 'लगान' में नजर आई। इस फिल्म में उन्होंने भुवन नामक एक साधारण किसान का किरदार निभाया। यह कहानी ब्रिटिश शासन के दौरान की है, जब गांव के लोगों पर भारी लगान लगाया जाता है। भुवन अंग्रेज अधिकारियों को क्रिकेट मैच की चुनौती देता है और कहता है कि यदि गांव वाले जीतते हैं तो लगान माफ होगा। पूरी फिल्म गांव वालों के संघर्ष और आत्मविश्वास की कहानी है। इस किरदार में आमिर ने एक साहसी और प्रेरणादायक नेता की भूमिका निभाई।
3 इडियट्स - कॉमेडी और दोस्ती की दुनिया में उनका सबसे प्रसिद्ध किरदार फिल्म '3 इडियट्स' में दिखा। इसमें उन्होंने रणछोड़दास श्यामलदास चांचड़ उर्फ रैंचो का किरदार निभाया। कहानी तीन इंजीनियरिंग छात्रों की दोस्ती पर आधारित है, जो पढ़ाई के दबाव और समाज की उम्मीदों के बीच अपने रास्ते की खोज करते हैं। रैंचो का किरदार पढ़ाई को समझने और जीवन को खुलकर जीने का संदेश देता है।
रंग दे बसंती - देशभक्ति से जुड़ा उनका मजबूत किरदार फिल्म 'रंग दे बसंती' में सामने आया। इस फिल्म में उन्होंने दलजीत सिंह यानी डीजे की भूमिका निभाई। कहानी कुछ युवाओं की है, जो शुरुआत में जीवन का मजा लेते हैं, लेकिन एक दोस्त की मौत के बाद व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने लगते हैं। आमिर का किरदार दिखाता है कि कैसे एक आम युवक हालात बदलने के लिए 'क्रांतिकारी' बन जाता है।
मंगल पांडे - पीरियड ड्रामा 'मंगल पांडे: द राइजिंग' में आमिर खान ने 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे का किरदार निभाया। यह कहानी उस सैनिक की है, जिसने अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह की चिंगारी भड़काई थी। आमिर ने इस किरदार के लिए लंबी मूंछें और अलग लुक अपनाया और अपने अभिनय से उस युग की भावना को जीवित किया।
अंदाज अपना अपना - कॉमेडी के क्षेत्र में भी आमिर ने अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में उन्होंने अमर नामक युवक की भूमिका निभाई। कहानी दो बेरोजगार युवकों की है, जो अमीर लड़की से शादी करने का सपना देखते हैं। फिल्म में हास्य, गलतफहमियों और मजेदार घटनाओं की भरमार है। आमिर का किरदार दर्शकों को हंसाने में सफल रहता है।
गजनी - एक्शन से भरपूर फिल्म 'गजनी' में आमिर खान ने संजय सिंघानिया का किरदार निभाया। इस फिल्म में वे एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिसे याददाश्त की गंभीर समस्या है। कहानी में वह अपनी प्रेमिका के हत्यारों से बदला लेने की कोशिश करता है। आमिर ने एक्शन और भावनाओं को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया है।
पीके - कल्पना की दुनिया में आमिर का सबसे अनोखा किरदार फिल्म 'पीके' में नजर आया। इसमें उन्होंने एक एलियन का रोल निभाया, जो धरती पर आकर इंसानों की दुनिया को समझने का प्रयास करता है। कहानी धर्म और आस्था से जुड़े कई सवाल उठाती है। आमिर का किरदार समाज की कई कुरीतियों पर व्यंग्य करता है।
तारे जमी पर - इस फिल्म में आमिर ने राम शंकर निकुंभ नामक शिक्षक का किरदार निभाया। फिल्म एक ऐसे बच्चे की कहानी है जिसे पढ़ाई में कठिनाई होती है और लोग उसे कमजोर समझते हैं। शिक्षक के रूप में आमिर बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।
दंगल - खेल पर आधारित फिल्म 'दंगल' में आमिर ने पहलवान महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभाया। यह कहानी एक ऐसे पिता की है, जो अपनी बेटियों को कुश्ती में विश्व स्तर का खिलाड़ी बनाना चाहता है। आमिर ने इस किरदार के लिए अपने शरीर में बड़ा बदलाव किया और पिता की सख्ती और प्यार दोनों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया।
सरफरोश - सस्पेंस से भरी फिल्म 'सरफरोश' में आमिर खान ने एसीपी अजय सिंह राठौड़ की भूमिका निभाई। यह कहानी एक ईमानदार पुलिस अधिकारी की है, जो देश में फैल रहे आतंकवाद और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है। इस फिल्म में आमिर का किरदार मजबूत, साहसी और देश के प्रति समर्पित दिखता है।