अदा शर्मा निभाएंगी एक्रोमैटोप्सिया से पीड़ित सुपरहीरो का किरदार, 'सुपर वेली' का नया फर्स्ट लुक
सारांश
Key Takeaways
- अदा शर्मा का अनोखा किरदार
- फिल्म का फर्स्ट लुक जारी
- एक्रोमैटोप्सिया की कहानी
- राजेश बच्चानी का निर्देशन
- कॉमेडी और मनोरंजन का मिश्रण
मुंबई, 13 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। फिल्मी उद्योग में सुपरहीरो पर आधारित कहानियों ने हमेशा दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। इसी क्रम में, एक नई फिल्म 'सुपर वेली' आ रही है, जिसमें सुपरहीरो का चित्रण बिल्कुल अलग और अनोखा होगा। अभिनेत्री अदा शर्मा इस फिल्म में एक ऐसे सुपरहीरो का किरदार निभाने जा रही हैं, जो सुपरहीरो की शक्तियों को गंभीरता से नहीं लेती। फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया गया है।
फर्स्ट लुक के वीडियो में स्पष्ट है कि उनका किरदार थोड़ा आलसी, अजीब और मजेदार है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
कुछ दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें मजाक में कहा, 'मैं वेली हूं।' आम बोलचाल में 'वेली' का मतलब होता है एक ऐसा व्यक्ति जो काम नहीं कर रहा हो। कुछ यूजर्स ने इसे गलत समझा और कहा कि अदा शर्मा के पास काम नहीं है।
लेकिन जब अदा ने फिल्म के टाइटल का खुलासा किया, तब लोगों को समझ में आया कि वह अपनी फिल्म का प्रमोशन कर रही थीं।
फर्स्ट लुक वीडियो में अदा अपने किरदार के बारे में बताती हैं, ''मेरा नाम 'वेल्ली' नहीं 'वेली' है, लेकिन आप मुझे वेल्लीविजिलक्ष्मी कृष्णमूर्ति चंद्रशेखरानवामी अय्यर कह सकते हैं।'' वह आगे बताती हैं कि वह एक्रोमैटोप्सिया से पीड़ित हैं, जिसका मतलब है कि उन्हें दुनिया केवल काले, सफेद और ग्रे रंग में दिखाई देती है।
फिल्म 'सुपर वेली' में उनका अंदाज एकदम अलग होगा। यह फिल्म एक ऐसे सुपरहीरो की कहानी है, जो पारंपरिक हीरो की तरह जिम्मेदार नहीं है।
फिल्म के फर्स्ट लुक में अदा का सुपरहीरो किरदार दुनिया को बचाने की बजाय आराम करना पसंद करती है। वह अक्सर सोने या आराम करने के बारे में सोचती है, फिर भी किसी न किसी बड़े मामले में फंस जाती है। कभी वह बेहद अनाड़ी लगती हैं, तो कभी अचानक समझदारी से भरा कदम उठाती हैं।
फिल्म का निर्देशन राजेश बच्चानी कर रहे हैं। उन्होंने अदा के चयन को लेकर कहा, ''मुझे अदा की एक्टिंग बहुत पसंद है। खासकर फिल्म 'कमांडो' में उनका किरदार मुझे बेहद पसंद आया था। उनमें एक अलग तरह की प्रतिभा है। उनके अभिनय में स्वाभाविकता, समझदारी और हल्का-फुल्का मजाकिया अंदाज देखने को मिलता है। इसलिए मैं उन्हें इस किरदार के लिए सही मानता था। इस फिल्म की कहानी पर मैं पिछले तीन वर्षों से काम कर रहा हूं और दर्शकों के सामने कुछ नया और ताजगी भरा कंटेंट पेश करना चाहता हूं।''