क्या अमिताभ बच्चन ने मां तेजी बच्चन की तस्वीर शेयर कर भावनाएं जताई?
सारांश
Key Takeaways
मुंबई, १३ अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी मां को याद करते हुए बुधवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की।
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मां तेजी बच्चन की तस्वीर साझा की और लिखा, "दुनिया की सबसे खूबसूरत मां।" इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मां को नमन; आपका आशीर्वाद सदा बना रहे हम पर।"
अमिताभ बच्चन की मां का नाम तेजी बच्चन था, जो एक प्रसिद्ध सिंगर और थिएटर आर्टिस्ट थीं। उन्होंने दिल्ली और इलाहाबाद में कई ग्रुप्स के साथ परफॉर्म किया।
अभिनेता अक्सर सोशल मीडिया या अपने ब्लॉग पर कुछ न कुछ साझा करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने अपने ब्लॉग में माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों के लिए आभार प्रकट किया था।
अमिताभ ने ब्लॉग में 'संस्कार' के बारे में लिखा था, "हिंदू परंपरा में 'संस्कार' का अर्थ है, वो खास रीति-रिवाज और विधियां, जो इंसान के जीवन में अलग-अलग मौकों पर की जाती हैं। इनका मकसद मानव जीवन को शुद्ध करना और अच्छे चरित्र का निर्माण करना होता है।"
उन्होंने कहा, "संस्कार एक ऐसा तरीका है जिससे हमारे सांस्कृतिक मूल्य, परंपराएं और विश्वास एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचते हैं। इससे समाज में एकता बनी रहती है।"
अमिताभ ने कहा, "हमारे जीवन में, विशेषकर बचपन में, मां और पिता ने हमेशा संस्कारों को महत्व दिया। यह एक सुंदर गुण है, जो हमारे अंदर बचपन से विकसित किया गया।"
उन्होंने कहा कि संस्कार हमारे लिए सबसे बड़ी दौलत हैं, जो हमें हमारे बुजुर्गों से मिली हैं। हम सब इन संस्कारों को संभालकर रखते हैं, जैसे कि यह कोई कीमती उपहार हो।