'अनदेखी: द फाइनल बैटल' का ट्रेलर लॉन्च, बदले और सत्ता के संघर्ष के नए आयाम
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर क्राइम और थ्रिलर की कहानियों की बढ़ती मांग के बीच, चर्चित वेब सीरीज 'अनदेखी: द फाइनल बैटल' जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम होने जा रही है।
शुक्रवार को इसके ट्रेलर की रिलीज ने दर्शकों में नई उत्सुकता पैदा कर दी है। इस बार कहानी में कई नए मोड़ और किरदार जोड़े गए हैं, जो इसे एक नई दिशा देते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमय माहौल से होती है, जहां हर किरदार अपने उद्देश्य के लिए संघर्ष कर रहा है। पापा जी का किरदार निभा रहे हर्ष छाया एक बार फिर सत्ता पाने की कोशिश में हैं और उनका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक है। वह अपनी ताकत पुनः प्राप्त करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
वहीं, रिंकू अटवाल का किरदार निभा रहे सूर्या शर्मा पूरी तरह टूट चुके हैं और अपने दर्द के कारण बदले की आग में जलते हुए नजर आते हैं। ट्रेलर में उनके चेहरे पर गुस्सा, दर्द और बेचैनी साफ नजर आती है।
इस बार ट्रेलर में एक नए किरदार की एंट्री भी दिखाई गई है, जिसका रोल अभिनेता गौतम रोडे निभा रहे हैं। हालांकि, ट्रेलर में उनके किरदार की झलक सीमित है, लेकिन वह रहस्यमय और प्रभावशाली प्रतीत होते हैं।
ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य भी हैं जो हिंसा, साजिश और रिश्तों के टूटने की झलक पेश करते हैं।
गौतम रोडे ने सीरीज से जुड़ने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, ''मैं इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। मैंने पहले से इस शो को देखा है और इसकी कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद है। मेरा किरदार इस सीजन में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाएगा और दर्शकों को कई चौंकाने वाले पल देखने को मिलेंगे। इस शो की सबसे बड़ी विशेषता इसकी गहराई और हर किरदार की मजबूत कहानी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।''
वहीं, रिंकू अटवाल के किरदार में नजर आने वाले सूर्या शर्मा ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, ''इस सीजन में मेरा किरदार पहले से बहुत अलग है। रिंकू अब पहले जैसा नहीं रहा, वह अंदर से टूट चुका है और अपने सवालों के जवाब खोज रहा है। वह एक घायल शेर की तरह है, जो हर हाल में अपनी लड़ाई जारी रखने को तैयार है। इस बार कहानी और भी ज्यादा जोरदार होने वाली है।''
इस सीरीज में दिब्येंदु भट्टाचार्य और अंकुर राठी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।