क्या अनीता हसनंदानी ने पति रोहित के लिए प्यार भरा खत लिखा?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 9 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में अपनी अदाकारी का जादू बिखेर चुकी अभिनेत्री अनीता हसनंदानी वर्तमान में रियलिटी शो 'छोरियां चली गांव' में नजर आ रही हैं। हाल ही में, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने बेटे आरव और पति रोहित रेड्डी को बहुत याद कर रही हैं।
इस वीडियो में अनीता ने कहा है कि मां बनने के बाद से वह रोहित पर कम ध्यान दे पाई हैं। यह एहसास उन्हें इस शो में आने के बाद हुआ। इसी कारण उन्होंने अपने पति के लिए एक प्यारा-सा लव लेटर लिखा है।
अनीता ने वीडियो में बताया, "हमारी शादी को 10 साल से अधिक हो चुके हैं, और जब से आरव हमारे जीवन में आया है, मेरा सारा ध्यान उसी पर रहता है। मैं दिन-रात बस आरव के बारे में सोचती हूं। लेकिन शो में आने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मैंने रोहित पर इस दौरान थोड़ा ध्यान दिया। इसलिए मैंने सोचा कि अब समय है उनके लिए एक रोमांटिक खत लिखने का। मुझे याद नहीं कि मैंने आखिरी बार कब उनके लिए ऐसा कुछ लिखा था। इस एक महीने में मुझे रोहित की कमी बहुत महसूस हुई और मैंने महसूस किया कि मैं उनसे कितना प्यार करती हूं।"
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "कुछ लव स्टोरी समय के साथ और भी प्यारी हो जाती है। उन्हें हमेशा यह बताते रहें कि आप उनसे प्यार करते हैं... भले ही इसमें 10 साल और एक रियलिटी शो क्यों न लगे। 10 साल, एक बच्चा, और फिर भी 'मैं तुमसे प्यार करती हूं' कहने के नए तरीके ढूंढ रहे हैं।"
गौरतलब है कि अनीता और रोहित ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2013 में शादी की थी। 9 फरवरी 2021 को इस कपल ने अपने बेटे आरव का स्वागत किया। रोहित पहले एक निवेश बैंकर थे, लेकिन अब वह विज्ञापन और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में काम करते हैं और अपनी एक क्रिएटिव एजेंसी चलाते हैं। वहीं, अनीता इन दिनों 'छोरियां चली गांव' में नजर आ रही हैं।