लंदन में कॉन्सर्ट से पहले बादशाह ने परिवार की खुशी का किया इजहार, कहा- यही मेरी असली जीत
सारांश
Key Takeaways
- बादशाह का लंदन में कॉन्सर्ट 22 मार्च को है।
- परिवार के साथ इस पल को मानते हैं वे अपनी असली जीत।
- माता-पिता की दुआओं का फल मिलना।
- बादशाह विवाद में हैं महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के कारण।
- राष्ट्रीय महिला आयोग ने जारी किया समन।
मुंबई, 21 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। हर माता-पिता की ख्वाहिश होती है कि उनका बेटा सफलता की हर ऊंचाई पर पहुंचे, लेकिन ऐसा कर पाना बहुत कम लोगों के लिए संभव होता है। 22 मार्च का दिन भारतीय रैपर बादशाह के लिए बेहद खास है, क्योंकि वह लंदन के प्रसिद्ध संगीत मंच ओ2 एरिना में परफॉर्म करने वाले हैं। इस पर अपने माता-पिता के रिएक्शन को देखकर बादशाह काफी भावुक हो गए हैं।
अपने विवादास्पद गाने टटीरी के बीच, बादशाह लंदन पहुंच चुके हैं, और वह अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ हैं। रैपर जहां परफॉर्म करने के लिए उत्साहित हैं, वहीं अपने माता-पिता की खुशी देखकर भी भावुक हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें बादशाह अपने माता-पिता के साथ हैं और सभी लोग ओ2 एरिना को देखकर हैरान हैं।
बादशाह के पिता कहते हैं, "यहां बहुत बड़ा हॉल है, बहुत सारे लोग आएंगे," तब उनकी मां जवाब देती हैं, "20 हजार लोग तो आ जाएंगे।" दोनों के चेहरे पर चमक और मुस्कान है, जो बेटे की सफलता को देखकर प्रकट हो रही है। ऐसे में बादशाह का इमोशनल होना भी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आज तक उनके माता-पिता ने कुछ नहीं मांगा, बल्कि हमेशा दुआ की है। अब, उन दुआओं का फल उनके सामने है। उनके चेहरे की मुस्कान किसी भी पुरस्कार से बड़ी है।
बादशाह ने लिखा, "मुझे याद है जब उन्होंने पूछा था, 'बेटा, तू कर लेगा?' मुझे लगता है यही असली जवाब है। मैं दुनिया जीतने निकला था, पर आज समझ आया, असली जीत तो यहीं मेरे साथ खड़ी है।" उन्होंने 22 मार्च को कॉन्सर्ट में शामिल होने वालों का दिल से धन्यवाद भी किया है।
इस महत्वपूर्ण क्षण के बीच, बादशाह भारत में आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। उनके खिलाफ गानों में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है। उनका गाना टटीरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए गाने से जुड़े सभी लोगों को समन जारी किया है और 25 मार्च को पेश होने का आदेश दिया है।