भाग्यश्री ने साझा किया रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने का सरल उपाय
सारांश
Key Takeaways
- रीढ़ की हड्डी के लिए स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें।
- 30 सेकंड से 1 मिनट तक इसे करें।
- साइकिलिंग से पीठ की मांसपेशियों को मजबूत करें।
- विशेषज्ञ की सलाह लें।
- लंबे समय तक बैठने से बचें।
मुंबई, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेता भाग्यश्री अपनी फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर काफी सक्रिय रहती हैं। वे अक्सर सोशल मीडिया पर अपने फिटनेस टिप्स साझा कर लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
मंगलवार को उन्होंने रीढ़ की हड्डी के लिए एक सरल और आरामदायक व्यायाम के बारे में जानकारी दी। भाग्यश्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे जिम में दिखाई दे रही हैं और सभी को समझाते हुए कहती हैं, "दबी हुई डिस्क पीठ की एक बहुत बड़ी समस्या बन जाती है। इससे पीठ में तेज दर्द, अकड़न और चलने में कठिनाई होती है।"
उन्होंने जिम में लटकने वाले व्यायाम के बारे में बताया। उन्होंने इसे करते हुए कहा कि यह एक सरल स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज है, जो रीढ़ की हड्डी के लिए ट्रैक्शन, यानी खिंचाव का काम करती है। अभिनेत्री ने कहा, "यह व्यायाम रीढ़ को धीरे-धीरे स्ट्रेच करती है। इससे डिस्क के बीच अधिक जगह बन जाती है और उन पर से दबाव कम हो जाता है। इस आसान स्ट्रेच को 30 सेकंड से लेकर 1 मिनट तक करके देखें। धीरे-धीरे महसूस कीजिए कि आपकी पीठ को कितना आराम मिल रहा है।"
उन्होंने आगे सलाह दी कि जब आप इस व्यायाम को अच्छी तरह से करने लगें, तो अपनी पीठ को और मजबूत बनाने के लिए थोड़ा साइकिलिंग भी शुरू कर दें। इससे लंबे समय तक बैठने से होने वाला पीठ दर्द और अकड़न काफी कम हो जाती है।
अभिनेत्री ने लिखा, "अपनी रीढ़ को लंबा करें और डिस्क पर से दबाव हटाएं। इससे लंबे समय तक बैठने से होने वाला पीठ दर्द और अकड़न कम होगी।"
भाग्यश्री की यह टिप उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी है जो घंटों डेस्क पर काम करते हैं या लंबे समय तक बैठे रहते हैं। ऐसी साधारण, प्रभावी व्यायाम को करने के लिए शुरुआत में किसी विशेषज्ञ की देख-रेख में ही करना चाहिए।
भाग्यश्री ने भले ही फिल्मों में कम काम किया हो, लेकिन अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई है। वे सोशल मीडिया पर अक्सर हेल्थ टिप्स साझा कर सभी को हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की सलाह देती रहती हैं।