8 अगस्त 2026
LIVE
Get it on Google Play Download on the App Store

दर्शन कुमार के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि: डेवी सिंह से मीका सिंह तक ने साझा की यादें

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
दर्शन कुमार के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि: डेवी सिंह से मीका सिंह तक ने साझा की यादें

सारांश

दर्शन कुमार के निधन ने संगीत जगत में एक अपूरणीय क्षति छोड़ दी है। कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिसमें डेवी सिंह और मीका सिंह शामिल हैं। उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए, कलाकारों ने उनके योगदान को सराहा।

मुख्य बातें

दर्शन कुमार का निधन म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने टी-सीरीज को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया।
कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनका व्यक्तित्व नेक और सरल था।
वे नए कलाकारों को बढ़ावा देने में विश्वास रखते थे।

मुंबई, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। टी-सीरीज से जुड़े और गुलशन कुमार के छोटे भाई दर्शन कुमार का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी। पंजाबी इंडस्ट्री के अभिनेता और म्यूजिक डायरेक्टर देविंदर सिंह (डेवी सिंह) से लेकर बॉलीवुड गायक मीका सिंह तक ने उनके साथ जुड़ी यादों को साझा किया।

गायक देविंदर सिंह (डेवी सिंह) ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए टी-सीरीज से जुड़े दर्शन कुमार के निधन पर दुःख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ''आज दर्शन कुमार जी (टी-सीरीज के मालिक और स्वर्गीय गुलशन कुमार जी के भाई) के गुजर जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। 1994 से 2002 तक मैं उनसे लगातार संपर्क में था। शुरू में मैं और स्वर्गीय गायक लाभ जंजुआ जी अक्सर एल्बम रिकॉर्डिंग के सिलसिले में उनके पास जाते थे। गुलशन जी से भी मुलाकात होती रहती थी और दर्शन जी से भी। धीरे-धीरे दर्शन जी के साथ हमारा भाईचारे वाला रिश्ता बन गया। वह बहुत ही नेक और अच्छे इंसान थे।''

उन्होंने आगे लिखा, ''दर्शन जी ने मुझे कई बार टी-सीरीज जॉइन करने के लिए कहा, लेकिन मैं अपनी कंपनी कैट्रैक के साथ काम कर रहा था, इसलिए मैंने उनसे माफी मांगते हुए उनका ऑफर स्वीकार नहीं किया। जब भी मैं उनके पास जाता, उनके ऑफिस में कई सारी कैसेट्स रखी होती थीं, जो रिलीज के लिए आए मास्टर होते थे। वे मुझसे कहते, 'इन्हें सुनकर बताओ कि कौन-कौन सी कैसेट हम बना सकते हैं।' मैं अपनी समझ के अनुसार उन्हें बता देता।''

डेवी सिंह ने पोस्ट में एक और ख़ास याद का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ''एक बार मैं उनके पास ही था और मैंने कहा कि मुझे मार्केट जाना है, कुछ सामान लेना है। वे बोले, 'मैं भी साथ चलता हूं।' मेरे मना करने के बावजूद वे भीड़-भाड़ वाली मार्केट में अपनी मर्सिडीज कार में मेरे साथ गए। कार पार्क करके मेरे साथ-साथ ही मार्केट में घूमते रहे। सच में दर्शन जी बहुत ही सीधे-सादे और जमीन से जुड़े हुए इंसान थे। उसके बाद तो मेरी यादों की अलमारी में उनके नाम से बहुत सारी यादें भरी हुई हैं। मेरी परमात्मा से यही विनती है कि उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे और उनके परिवार तथा दोस्तों-मित्रों को इस भारी दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।''

वहीं, गायक मीका सिंह ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "अभी-अभी दिल दहला देने वाली खबर मिली कि टी-सीरीज के मालिक दर्शन कुमार जी अपनी खूबसूरत यादें छोड़कर हमें अलविदा कह गए। वह सचमुच एक महान इंसान थे और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे। उन्होंने कई गायकों को आगे बढ़ने का मौका दिया और अनगिनत प्रतिभाओं को अवसर प्रदान किए। माता रानी उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

अगर दर्शन कुमार की बात करें तो वह भले ही हमेशा पर्दे के पीछे रहे, लेकिन टी-सीरीज को आगे बढ़ाने में उनका योगदान बेहद अहम रहा। गुलशन कुमार द्वारा शुरू की गई इस कंपनी को देश के सबसे बड़े म्यूजिक प्लेटफॉर्म में बदलने की यात्रा में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खास तौर पर नए कलाकारों को मौका देना और रीजनल म्यूजिक को बढ़ावा देना उनकी खास पहचान थी। दर्शन कुमार का जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दर्शन कुमार का योगदान क्या था?
दर्शन कुमार ने टी-सीरीज को एक प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कौन-कौन से कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी?
डेवी सिंह और मीका सिंह जैसे कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दर्शन कुमार का निधन कब हुआ?
उनका निधन 19 अप्रैल को हुआ।
दर्शन कुमार का व्यक्तित्व कैसे था?
वे बहुत नेक और जमीन से जुड़े हुए इंसान थे।
टी-सीरीज का महत्व क्या है?
टी-सीरीज भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है, जो नए कलाकारों को अवसर प्रदान करता है।
राष्ट्र प्रेस
सिलसिला

जुड़े बिंदु

इस ख़बर के पीछे की कड़ियाँ — सबसे नई पहले।

8 बिंदु
  1. नवीनतम 1 महीना पहले
  2. 1 महीना पहले
  3. 8 महीने पहले
  4. 8 महीने पहले
  5. 8 महीने पहले
  6. 8 महीने पहले
  7. 8 महीने पहले
  8. 1 साल पहले