क्या विजय थलापति की 'फैन गर्ल' हैं मालविका मोहनन?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। साउथ सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता और राजनेता थलापति विजय की नई फिल्म 'जन नायगन' का ऑडियो लॉन्च होने वाला है, जिसके लिए अभिनेत्री मालविका मोहनन ने अपनी खुशी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि वह विजय की 'फैन गर्ल' हैं।
मालविका ने खुद को थलापति विजय की फैन गर्ल बताया और कहा कि वे हमेशा उनके और उनकी टीम के लिए समर्थन करती रहेंगी। मालविका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विजय के साथ काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा, और उन्होंने खुद को भाग्यशाली भी माना।
मालविका ने लिखा, "इससे पहले कि मैं अपनी फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में व्यस्त हो जाऊं, मैं 'जन नायगन' के ऑडियो लॉन्च के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त करना चाहती हूं। विजय सर के साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात है और उनके जैसा दोस्त पाना वाकई खास है। वह हर मायने में विशेष हैं। मैं दुनिया भर में फैले उनके फैंस की तरह फिल्म की पूरी टीम का समर्थन करूंगी। मैं थलपति फैन गर्ल हूं।"
मालविका ने विजय के साथ 2021 में आई फिल्म 'मास्टर' में काम किया था, जिसमें वह विजय के साथ मुख्य भूमिका में थीं। उस फिल्म में विजय सेतुपति भी शामिल थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। मालविका, विजय को 'विजय सर' कहकर सम्मान देती हैं और उनके बीच एक मजबूत दोस्ती का रिश्ता है।
वहीं, 'जन नायगन' थलपति विजय की 69वीं फिल्म है और इसे उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद वे पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन एच विनोद कर रहे हैं और इसमें पूजा हेगड़े लीड एक्ट्रेस हैं। फिल्म में बॉबी देओल भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। जानकारी के अनुसार, यह फिल्म 9 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। शनिवार को फिल्म का भव्य ऑडियो लॉन्च मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित किया जाएगा।
मालविका मोहनन इस समय अपनी आने वाली फिल्मों में व्यस्त हैं। वह प्रभास के साथ 'द राजा साब' में नजर आएंगी, जो जल्द ही रिलीज होने वाली है।