क्या मनीषा कोइराला ने पूरे शरीर को मजबूत बनाने वाला एरियल योग सिखाया?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेत्री मनीषा कोइराला अपने स्वास्थ्य को लेकर हमेशा जागरूक रहती हैं और सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों के साथ नियमित रूप से पोस्ट शेयर करती हैं। इन वीडियोज में वह केवल ध्यान और योग ही नहीं करती, बल्कि अपने फॉलोअर्स को भी प्रेरित करती हैं।
हाल ही में, अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह एरियल योग करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा 'ट्रस्ट'।
एरियल योग की खासियत यह है कि यह आसानी से पूरे शरीर को मजबूती प्रदान करता है। वीडियो में मनीषा सिल्क हैमॉक पर लटककर विभिन्न आसनों में उतरते-चढ़ते नजर आ रही हैं। वह कभी उल्टे लटककर स्ट्रेचिंग कर रही हैं और कभी संतुलन बनाते हुए कोर मांसपेशियों को सक्रिय करती हैं।
एरियल योग, जिसे एंटी-ग्रैविटी योग या फ्लाइंग योग के नाम से भी जाना जाता है, इस अभ्यास में सिल्क या फैब्रिक से बने हैमॉक का उपयोग किया जाता है, जो छत से लटका होता है। यह योग, पिलाटेस और एरियल एक्रोबेटिक्स का संयोजन है।
अब सवाल यह है कि एरियल योग का अभ्यास कैसे करें? एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसे प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर की देखरेख में करना चाहिए, लेकिन घर पर भी इसकी बुनियादी शुरुआत की जा सकती है।
बुनियादी कदमों पर चर्चा करें तो हैमॉक के पीछे खड़े होकर पहले पैर डालें। फिर धीरे-धीरे शरीर को झुलाएं। शुरुआत में सिटिंग पोज से (जैसे चेयर आसन) शुरू करें और हैमॉक पर बैठकर पैरों को फैलाएं। फिर इनवर्शन (उल्टा लटकना) का प्रयास करें। कमर पर फैब्रिक लपेटकर सिर नीचे करें, और हाथों से पकड़ें। 5-10 गहरी सांसों तक होल्ड करें।
एरियल योग के अभ्यास से कई लाभ मिलते हैं, हालांकि एक्सपर्ट गर्भवती महिलाओं और उच्च रक्तचाप के रोगियों को सावधानी से या देखरेख में करने की सलाह देते हैं।
एरियल योग पूरे शरीर को मजबूत बनाता है। कोर, हाथ-पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। यह रीढ़ की हड्डी का डीकंप्रेशन करता है जो पीठ दर्द को कम करता है और लचीलापन बढ़ाता है। इसके अलावा, यह तनाव, चिंता और डिप्रेशन में कमी लाता है, और नींद को बेहतर बनाता है।