पतियों की फितरत नहीं बदलती: 'पति पत्नी और वो दो' का दिलचस्प टीजर हुआ जारी
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' का पोस्टर जारी होते ही यह चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म में अभिनेता एक ही नहीं, बल्कि तीन अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करने वाले हैं। इसी बीच, फिल्म का मजेदार टीजर भी सामने आ चुका है, जिसमें शादीशुदा होते हुए भी अभिनेता बाहर रोमांस की तलाश कर रहे हैं।
'पति पत्नी और वो दो' का यह मजेदार टीजर दिखाता है कि कैसे आयुष्मान खुराना की भूमिका में प्रजापति पांडे अपनी पत्नी को छोड़कर दो अन्य लड़कियों के साथ इश्क फरमा रहे हैं। टीजर में यह दर्शाया गया है कि बाहर प्यार के साथ-साथ मुसीबतें भी उनका इंतजार कर रही हैं।
टीजर में कॉमेडी का तड़का है और अब दर्शकों को ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही एक रंगीन पोस्टर जारी किया था, जिसमें अभिनेता एक महिला कलाकार के साथ नहीं, बल्कि एक तेंदुए के साथ जाल में फंसे हुए नजर आ रहे हैं। कैप्शन था, "शिकारी खुद हो गया शिकार! अब जाल में फंस गए हमारे प्रजापति पांडे।"
फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है, और दर्शकों को इसे देखने के लिए 15 मई तक का इंतजार करना होगा। यह कॉमेडी फिल्म मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित की गई है, जिन्होंने 2019 की हिट फिल्म 'पति पत्नी और वो' भी बनाई थी। फिल्म को भूषण कुमार और रेनू रवि चोपड़ा प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म में सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह, वामिका गब्बी के अलावा विजय राज, तिग्मांशु धूलिया और आयशा रजा भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। मल्टीस्टार कास्ट के कारण इस फिल्म से काफी उम्मीदें की जा रही हैं। सारा अली खान और आयुष्मान खुराना एक बार फिर 'उड़ता तीर' के बाद एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे।