तुलसी की मंजरी: सेहत के अद्भुत लाभ और सेवन के आसान तरीके
सारांश
Key Takeaways
- तुलसी की मंजरी स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण औषधि है।
- यह इम्युनिटी बढ़ाने में सहायक है।
- सर्दी और खांसी से राहत प्रदान करती है।
- तनाव को कम करती है और अच्छी नींद लाने में मदद करती है।
- पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है।
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। घर के आंगन में उगने वाली तुलसी केवल पूजा की थाली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ आने वाली तुलसी की मंजरी (फूलों के छोटे गुच्छे) भी सेहत के लिए एक अद्भुत औषधि है। आयुर्वेद में इसे इम्युनिटी को बढ़ाने, सर्दी-खांसी से राहत, पाचन में सुधार और तनाव कम करने का एक प्राकृतिक उपाय माना जाता है।
आयुर्वेद के अनुसार, तुलसी की मंजरी न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार लाती है, बल्कि मानसिक शांति भी प्रदान करती है। यह घर में सुख-समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है और धार्मिक दृष्टि से इसे पवित्र माना जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सस्ती और आसानी से उपलब्ध प्राकृतिक औषधि, तुलसी की मंजरी का रोजाना सेवन करने से दवाइयों की आवश्यकता काफी कम हो जाती है। हालांकि, गंभीर बीमारियों के मामले में आयुर्वेदिक विशेषज्ञ से परामर्श लेना आवश्यक है।
भारत सरकार का आयुष मंत्रालय भी तुलसी को प्रकृति का एक शक्तिशाली वरदान मानता है। तुलसी की मंजरी छोटे-छोटे फूलों का गुच्छा होती है, जिसमें एंटीबायोटिक, एंटीवायरल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण प्रचुर मात्रा में होते हैं। ये गुण शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और कई बीमारियों से बचाव करते हैं।
तुलसी मंजरी के नियमित सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण से बचाव होता है। गले की समस्याओं, जैसे कि गले में खराश, बलगम और पुरानी खांसी में राहत मिलती है। अस्थमा और एलर्जी के रोगियों को भी इसका फायदा होता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करने में मदद करती है और गैस, अपच, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं में आराम देती है।
तुलसी की खुशबू दिमाग को शांत करके तनाव को कम करती है और अच्छी नींद लाने में मदद करती है। मुंह के छालों में राहत, चेहरे पर निखार और कील-मुंहासों में कमी आती है। इसके सेवन से शरीर से विषाक्त तत्व निकलते हैं और रक्त शुद्ध होता है।
तुलसी की मंजरी का सेवन कई सरल तरीकों से किया जा सकता है, जैसे सुबह खाली पेट 4-5 मंजरी चबाना, तुलसी की पत्तियों और मंजरी के साथ चाय बनाकर पीना, शहद के साथ मंजरी का रस मिलाकर लेना, और अदरक, काली मिर्च तथा लौंग डालकर काढ़ा बनाकर पीना, विशेष रूप से सर्दियों में यह बहुत लाभदायक होता है।