अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी हवाई हमलों का दिया जवाब, 15 चौकियों पर किया कब्जा
सारांश
मुख्य बातें
काबुल, २६ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। अफगानिस्तान ने गुरुवार रात को यह दावा किया है कि वह हाल के पाकिस्तानी हवाई हमलों के प्रतिरोध में पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है। अफगान अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में अब तक दुश्मन की १५ चौकियों पर कब्जा किया गया है।
इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि इस कार्रवाई के दौरान कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और कुछ को जिंदा भी पकड़ा गया है।
प्रवक्ता के अनुसार, दुश्मन के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है और सीमा क्षेत्र में रणनीतिक बढ़त हासिल की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि दुश्मन की कुल १५ पोस्ट पर कब्जा कर लिया गया है और कई सैनिक हताहत हुए हैं।
अफगान पक्ष ने यह भी कहा कि डूरंड लाइन पर तैनात अत्याधुनिक लेजर उपकरणों से सुसज्जित इकाइयों ने भी ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बयान में यह उल्लेख किया गया है कि रात के अंधेरे का लाभ उठाकर दुश्मन की हर गतिविधि को निशाना बनाया जाएगा।
हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए क्षेत्र में स्थितियाँ चिंताजनक बनी हुई हैं।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने पुष्टि की थी कि पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में किए गए हवाई हमलों में १३ नागरिकों की मृत्यु हुई थी, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय मीडिया ने यूएनएएमए के हवाले से एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी थी।
अफगानिस्तान की प्रमुख न्यूज एजेंसी खामा प्रेस ने यूएनएएमए की रिपोर्ट के हवाले से बताया था कि हालिया हवाई हमलों में १३ अफगान नागरिक मारे गए हैं, जबकि सात घायल हो गए थे। ये हमले नंगरहार के बेहसूद और खोगियानी जिलों में २१-२२ फरवरी की दरमियानी रात को किए गए थे।
पक्तिका के बरमल में एक स्कूल और मस्जिद को निशाना बनाया गया था, जबकि ओर्गुन जिले में एक घर पर एयर स्ट्राइक की गई थी।