अलेक्जेंडर स्टब ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलकर भारत-फिनलैंड संबंधों की दी सराहना
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। फिनलैंड के राष्ट्रपति डॉ. अलेक्जेंडर स्टब ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस बैठक में राष्ट्रपति स्टब ने भारत और फिनलैंड के मजबूत संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत, फिनलैंड को एक महत्वपूर्ण और विश्वसनीय साझेदार मानता है।
राष्ट्रपति स्टब ने यह भी बताया कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि भारत-फिनलैंड के रिश्ते नवाचार, क्लीन टेक्नोलॉजी, शिक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे मुख्य स्तंभों के साथ एक ऊर्जावान साझेदारी में विकसित हो गए हैं।
इससे पहले, राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में अपने विचार साझा किए। उन्होंने पीएम मोदी के कूटनीतिक कौशल की भी सराहना की।
राष्ट्रपति स्टब ने कहा, "भारत विश्व के सबसे बड़े और प्रभावशाली देशों में से एक है और यह एक लोकतांत्रिक देश है। जैसा कि हमने देखा है, आप अब यूरोप के लिए एक महत्वपूर्ण स्ट्रैटेजिक साझेदार बन गए हैं। आप दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं, जिसे हम यहाँ हर दिन देख सकते हैं।"
इससे पूर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। यह भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और प्रबल करने की दिशा में एक कदम रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारा बढ़ता सहयोग विकास और साझा समृद्धि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। 2026 की शुरुआत में ऐतिहासिक एफटीए समझौता हुआ। यह भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करेगा। डिजिटल तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनिबिलिटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देश महत्वपूर्ण साझेदार हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिनलैंड और भारत के संबंधों का उल्लेख करते हुए बताया कि नोकिया के मोबाइल फोन और टेलीकॉम नेटवर्क ने करोड़ों भारतीयों को जोड़ा है। फिनलैंड के आर्किटेक्ट के सहयोग से हमने चिनाब नदी पर विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया है। फिनलैंड की साझेदारी से असम के नुमालीगढ़ में दुनिया की सबसे बड़ी असम बायो इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड (एबीईपीएल) रिफाइनरी भी बनाई गई है।