क्या अहमदाबाद को मिली 45 नई बसों की सौगात? मंत्री हर्ष संघवी ने किया लोकार्पण
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 13 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। गुजरात के गृह एवं ट्रांसपोर्ट मंत्री हर्ष संघवी ने अहमदाबाद में 45 नई बसों का लोकार्पण किया। यह समारोह रानिप बस स्टेशन के ग्राउंड में उत्साह के साथ आयोजित हुआ। मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, "गुजरात सरकार लगातार नई बसों का संचालन कर रही है ताकि लोगों की सुविधाएं बढ़ाई जा सकें।"
उन्होंने आगे कहा, "हाल ही में मुख्यमंत्री ने 151 बसों की शुरुआत की। इसके बाद भावनगर से 25 बसों की शुरुआत की गई और अब एक बार फिर अहमदाबाद में 45 बसों का लोकार्पण किया गया है। यह बसें शहर के चुने हुए सांसद और विधायकों की मांग के अनुसार उनके हाथों से लोकार्पित की गई हैं।"
मंत्री ने जानकारी दी कि "गुरुवार से ये बसें गुजरात के कई गाँवों में पहुँचेंगी। पहले से गांवों में बसों की सेवा थी, लेकिन इन नई बसों से यात्रा में और भी सुविधा होगी। इसके साथ ही 5 सुपर डिलक्स एसी बसें, 10 छोटी मिनी बसें और 30 जनरल एसटी बसें भी शुरू की गई हैं। भविष्य में लोगों की सुविधाओं के लिए और बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।"
इस अवसर पर शहर की मेयर प्रतिभा बेन जैन, स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
मेयर ने अपने संबोधन में कहा कि "ये बसें शहर के विभिन्न इलाकों को जोड़ेंगी, जिससे नागरिकों को यात्रा में सुविधा और समय की बचत होगी।" उन्होंने बताया कि इससे खासकर दूर-दराज के यात्रियों को राहत मिलेगी और अहमदाबाद की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अहमदाबाद के नागरिकों को बेहतर और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना था।